चंडीगढ़ में भाजपा ने शुरू की 2024 की जंगः निशाने पर कांंग्रेस और भ्रष्टाचार को लेकर बोला पहला हमला

सेक्टर-17 में किया जोरदार रोष प्रदर्शन, कांग्रेस का पुतला भी फूंका

मोदी सरकार की गारंटी-भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी: जतिंदर पाल मल्होत्रा

Neeraj Adhikari

CHANDIGARH, 9 DECEMBER: भाजपा ने भ्रष्टाचार के एक बड़े मामले के बहाने चंडीगढ़ में आज से 2024 के लोकसभा चुनाव की लड़ाई का बिगुल बजा दिया। इस लड़ाई में भाजपा के निशाने पर मुख्य तौर से कांग्रेस है, जिसने 2014 तक लगातार चंडीगढ़ की सीट पर लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। अब भाजपा ने 2024 में फिर कांग्रेस को पराजित करने की रणनीति को अंजाम देना शुरू कर दिया है। 2024 की चुनावी लड़ाई की शुरुआत करते हुए भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार को लेकर पहली चोट की है। चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के ठिकानों से आयकर विभाग द्वारा 250 करोड़ रुपए से अधिक काले धन की बरामदगी को लेकर आज शहर में जोरदार प्रदर्शन किया तथा कांग्रेस का पुतला फूंका। यह विरोध प्रदर्शन सेक्टर-17 स्थित नीलम सिनेमा के पास किया गया।

सेक्टर-17 में प्रदर्शन करते हुए भाजपाई।

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया कि इस रोष प्रदर्शन में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा के अलावा चंडीगढ़ भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हिमाचल भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन, पूर्व अध्यक्ष अरुण सूद, चंडीगढ़ के मेयर अनूप गुप्ता, महामंत्री रामवीर भट्टी, उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, रामलाल, हुक्म चंद, पूर्व पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली, सुनीता धवन ,विजय राणा, पार्षद जसमनप्रीत सिंह, मनोज सोनकर, उमेश घई, धरमिंदर सिंह, रविकांत शर्मा, महेशिंदर सिद्धू, पप्पू शुक्ला, कृष्ण कुमार, देवी सिंह, सुखविंदर परमार, मनीष शर्मा, राजीव खोसला, जतिंदर मल्होत्रा, जिला अध्यक्ष मनु भसीन, रविंद्र पठानिया, पार्षद नरेश पांचाल, पार्षद राजिंदर शर्मा, मंडल अध्यक्ष राजेश महाजन, महामंत्री सनी पूरी, सतपाल वर्मा समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए।

इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि आयकर विभाग द्वारा कांग्रेसी सांसद धीरज साहू से बरामद 250 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का सीधे तौर पर कांग्रेस से संबंध है। मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से भ्रष्टाचार को बढ़ावा देती रही है, जबकि मोदी सरकार की गारंटी भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने की है। देश में जब-जब भ्रष्टाचार से संबंधित मामला आएगा तो मोदी सरकार उसे सहन नहीं करेगी। मल्होत्रा ने कहा कि भ्रष्टाचार ने देश को खोखला कर दिया है। इसके विपरीत मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि देश में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और देश से सभी भ्रष्ट लोगों को पकड़कर काला धन देश को वापस किया जा रहा है।

मल्होत्रा ने कहा कि कांग्रेस का भ्रष्टाचार पाताल से आसमान तक फैला हुआ है। कांग्रेस पार्टी को देश के विकास की चिंता नहीं है, केवल एक परिवार के विकास की चिंता है। कांग्रेस के भ्रष्ट सांसद की काली कमाई को गिनते-गिनते नोट गिनने वाली मशीनें थक गई। उन्होंने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार के खिलाफ अपना विरोध तथा लड़ाई जारी रखेगी। भाजपा के इस विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के भ्रष्टाचार को उजागर करता हुआ एक लघु नाटक भी प्रस्तुत किया गया।

error: Content can\\\'t be selected!!