झारखंड के Congress सांसद के घर मिले 200 करोड़ का शोर Chandigarh में क्यों हो रहा ?

Neeraj Adhikari

देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अब चंडीगढ़ में लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। कांग्रेस ने बैठकों का दौर शुरू कर दिया है तो भाजपा भी लगातार शहर में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए जनसंपर्क बढ़ाने में जुटी है। आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ में नए सिरे अपना सदस्यता अभियान शुरू कर चुकी है। इस बीच, इंडिया गठबंधन को लेकर यहां कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के बीच बनी असमंजस की स्थिति भी कुछ हद तक छंटने लगी है। क्योंकि तीन राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में कांग्रेस हारी है तो आम आदमी पार्टी की शर्मनाक पराजय हुई है। इन तीनों राज्यों में आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव में उतरे कुल 204 उम्मीदवारों में से 201 की तो जमानत ही जब्त हो गई। ऐसे में इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे पर अब आम आदमी पार्टी भी चौड़ी होने की स्थिति में नहीं है।

आप यह स्टोरी इस यूट्यूब लिंक पर क्लिक करके सुन भी सकते हैं।

आम आदमी पार्टी की इस पोजीशन ने कम से कम चंडीगढ़ में तो कांग्रेस को राहत की सांस दे दी है। क्योंकि पहले माना जा रहा था कि इंडिया गठबंधन के कारण चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर कांग्रेस की दावेदारी को आम आदमी पार्टी फंसा सकती है। आम आदमी पार्टी में बात चल रही थी कि राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा अपनी पत्नी बॉलीवुड अभिनेत्री परिणिति चोपड़ा को चंडीगढ़ से लोकसभा चुनाव लड़ाने के इच्छुक हैं। 2021 के चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के मुकाबले आम आदमी पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए कहा जा रहा था कि यदि इंडिया गठबंधन में आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ सीट पर दावेदारी ठोंकी तो कांग्रेस को पीछे हटना पड़ सकता है। क्योंकि कांग्रेस यहां पिछले दो लोकसभा चुनाव लगातार हार चुकी है।

हालांकि दोनों ही बार आम आदमी पार्टी को भी यहां हार का सामना करना पड़ा है और चंडीगढ़ में कांग्रेस की हार के पीछे आम आदमी पार्टी को ही जिम्मेदार माना जाता है। क्योंकि लोकसभा और नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी को जो वोट मिले, उनमें सबसे ज्यादा कांग्रेस के ही वोट माने जाते हैं। पिछले राजनीतिक समीकरणों को देखें तो सियासी जानकारों का भी मानना है कि यदि आम आदमी पार्टी व कांग्रेस चंडीगढ़ सीट पर मिलकर चुनाव लड़ें तो इस सीट पर भाजपा को कड़ी चुनौती दी जा सकती है, जिसका कि 2014 से लगातार चंडीगढ़ सीट पर कब्जा है लेकिन राजस्थान, मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी की शर्मनाक हार ने अब चंडीगढ़ सीट पर भी आम आदमी पार्टी का दावा कमजोर कर दिया है।

यही कारण है कि चंडीगढ़ में कांग्रेस ने एक बार फिर नए जोश के साथ 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ व तेलंगाना चुनाव के नतीजे घोषित होने के अगले दिन ही पूर्व केंद्रीय मंत्री व चंडीगढ़ से लगातार 15 साल सांसद रहे पवन कुमार बंसल तथा चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने जिला पदाधिकारियों की बैठक बुला ली थी, जिसमें 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर रणनीति पर मंथन किया गया। इससे पहले के दिन चंडीगढ़ में कांग्रेस ने तेलंगाना की जीत का जश्न भी मनाया था। दूसरी तरफ, अब भाजपा भी 2024 के लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ सीट पर अपना मुख्य मुकाबला कांग्रेस से तय मानकर चल रही है और इसी को ध्यान में रखकर अपनी रणनीति में जुट गई है। जिस तरह भाजपा ने छत्तीसगढ़, राजस्थान व मध्य प्रदेश में कांग्रेस पर भ्रष्टाचार को लेकर जोरदार हमले किए थे, ठीक उसी तरह चंडीगढ़ में भी भाजपा कांग्रेस को भ्रष्टाचार पर घेरने की तैयारी में है।

भाजपा को छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के खिलाफ महादेव एप का मामला मिला तो राजस्थान में अशोक गहलोत की लाल डायरी को लेकर भाजपा ने हमला बोला था लेकिन चंडीगढ़ में भाजपा किन मामलों को उठाकर कांग्रेस को भ्रष्टाचार पर घेरेगी, यह आने वाले दिनों में पता चलेगा। फिलहाल तो झारखंड में कांग्रेस सांसद के घर से भारी मात्रा में बरामद हुए काले धन से भाजपा को चंडीगढ़ में भी कांग्रेस की छवि को नुकसान पहुंचाने का मौका मिल गया है। भाजपा इस काले धन के खिलाफ कल यानी 9 दिसंबर को चंडीगढ़ में बड़ा प्रदर्शन करने जा रही है। यह प्रदर्शन शाम चार बजे सेक्टर-17 में नीलम सिनेमा के पास किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस का पुतला भी फूंकने की तैयारी है। आपको बता दूं कि झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के 10 ठिकानों पर आयकर की छापेमारी में उनके घर से 200 करोड़ रुपए बरामद हुए हैं। इसी दौरान 500, 200 और 100 के नोट 9 अलमारी और बैगों में भरे मिले। इन नोटों की गिनते-गिनते नोट गिनने वाली मशीनें भी खराब हो गईं। अब ये बरामदगी हुई तो झारखंड में है लेकिन चंडीगढ़ में भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ जिस तरह प्रदर्शन की तैयारी शुरू की है, उसका मतलब आप निकाल सकते हैं। यानी कि भाजपा ने अपना इरादा स्पष्ट कर दिया है कि अब वो कांग्रेस को हर जगह भ्रष्टाचार के मामले में घेरने के मूड में आ गई है। आगे ये चुनावी लड़ाई क्या मोड़ लेगी, आप भी देखिए और हम भी देख रहे हैं।


error: Content can\\\'t be selected!!