चंडीगढ़ में भाजपा के स्थापना दिवस कार्यक्रमों की धूम शुरू: पहले दिन पार्टी का ध्वज फहराया, साइकिल रैली निकाली, पुराने नेताओं का किया सम्मान

CHANDIGARH: भारतीय जनता पार्टी का 41वां स्थापना दिवस आज चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने धूमधाम से मनाया। इस मौके पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें घरों पर पार्टी का ध्वज लगाना, पार्टी कार्यालय में ध्वज फहराना, पार्टी की स्थापना के समय के वरिष्ठ नेताओं को सम्मानित करना, वेबिनार और कोरोना से बचाव व टीकाकरण के लिए युवा मोर्चा के तत्वावधान में साइकिल रैली का आयोजन शामिल रहा।

घरों में फहराया गया पार्टी का झंडा

पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं स्थापना दिवस समारोह कमेटी के संयोजक चन्द्रशेखर ने बताया कि आज पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित पार्टी के हजारों कार्यकर्ताओं ने सुबह पार्टी के ध्वज को अपने घरों में लगाया। स्वयं चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद, प्रदेश संगठन महामंत्री दिनेश कुमार,  हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय टंडन, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद सत्यपाल जैन, महापौर रविकांत शर्मा, प्रदेश महामंत्री चन्द्रशेखर और रामबीर ने भी पार्टी के ध्वज को अपने घर में लगाया व ध्वज प्रणाम किया। इस अवसर पर स्थानीय कार्यकर्ताओं के बीच मिठाई का भी वितरण किया गया। पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों जितेन्द्र मल्होत्रा, रविन्द्र पठानिया, राजिंदर शर्मा, मनीष भसीन और नरेश पांचाल ने भी अपने-अपने मंडलों के कार्यकर्ताओं के साथ अपने घरों में ध्वज फहराया और सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

सत्यपाल जैन व टंडन समेत कई नेता सम्मानित

चंद्रशेखर ने बताया कि पार्टी की स्थापना दिवस से लेकर संविधान निर्माता बाबा साहब डा. भीम राव अंबेडकर की जयंती 14 अप्रैल तक प्रतिदिन चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में आज सुबह पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा अपने घरों में पार्टी का ध्वज लगाने के उपरान्त पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने पार्टी कार्यालय कमलम में पार्टी का ध्वज फहराया। इसके बाद पार्टी की स्थापना के समय के पार्टी के वरिष्ठ नेताओं देसराज टंडन, सत्यपाल जैन, पुरुषोत्तम महाजन, जतिन्द्र चोपड़ा, नीरज तायल, राममूर्ति महाजन और यशपाल महाजन को सम्मानित किया गया। भाजपा के स्थापना दिवस पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया के माध्यम से सभी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, जिसका सीधा प्रसारण पार्टी कार्यालय में दिखाया गया। इसके अलावा सभी 35 मंडलों में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस भाषण को सार्वजानिक स्थानों के साथ-साथ घरों के अंदर बैठकर सुना।

सौदान सिंह ने साइकिल रैली को दिखाई झंडी

वैश्विक महामारी कोरोना की रोकथाम के लिए केंद्र सरकार द्वारा युद्द स्तर पर चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान को और अधिक गति देने तथा अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के लिए आज पार्टी के युवा मोर्चा के तत्वावधान में साइकिल रैली का भी आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के युवाओं के साथ अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अपनी साइकिल पर सवार होकर चंडीगढ़ के लोगों को कोरोना टीकाकरण के प्रति जागरूक किया। इस जनजागरण रैली को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और क्षेत्रीय प्रभारी सौदान सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह साइकिल रैली पार्टी कार्यालय से शुरू होकर सेक्टर 34, 35, 36, 37, 38, 38 वेस्ट, 25, 24, 23, 22, 21, 20, 20 मार्केट और सेक्टर-20 गुरुद्वारे से होते हुए पार्टी कार्यालय पर पहुंचकर समाप्त हुई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने इस रैली का नेतृत्व किया। उनके साथ युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विजय राणा भी उपस्थित थे। रास्ते में लोगों ने बड़ी गर्मजोशी से इस रैली का स्वागत किया।

भाजपा ने निजी स्वार्थ को देश सेवा पर हावी नहीं होने दिया: अरुण सूद

इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि 41 वर्ष पूर्व हमारी पार्टी के स्तंभों ने जिस ध्येय को लेकर भारतीय जनता पार्टी की स्थापना की थी, वो अब धरातल पर नजर आने लगा है। केंद्र में मोदी सरकार और भाजपा शासित राज्यों में विकास की गाथा वहां के स्थानीय लोग स्वयं करते हैं। भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के साथ काम कर रही है। सूद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राजनीतिक पार्टी होने के साथ सामाजिक कार्यों में भी कभी पीछे नहीं हटी। लॉकडाउन से लेकर अभी तक या इससे पूर्व भी पार्टी सामाजिक कार्यों में सबसे आगे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राजनीति में निजी स्वार्थ को कभी भी देश सेवा पर हावी नहीं होने दिया। इस पार्टी में लोकतंत्र विद्यमान है। यहां एक आम कार्यकर्ता भी अपने कौशल से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक बन सकता है। ये इतिहास साक्षी है कि देश की अखंडता और राष्ट्रहित की जब जब भी बात आई, पार्टी के नेताओं ने राष्ट्रहित को सर्वोच्च मानकर देश की सेवा की और राजनीतिक लालसा को उस पर भारी नहीं पडऩे दिया। सूद ने कहा कि हम सभी को ऐसी पार्टी के सिपाही होने पर गर्व है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा वर्तमान में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में आज पार्टी ने उन राज्यों पर भी अपनी पताका लहराई है, जहां कभी अन्य दलों का वर्चस्व हुआ करता था। उन्होंने कहा कि देश की जनता भलीभांति परिचित है कि राष्ट्रहित के लिए कठोर निर्णय लेने और देश के विकास के लिए अगर किसी राजनीतिक पार्टी की सकारात्मक भावना है तो वो भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने गर्व से कहा कि आज विदेश में अपने मूल लोगों को सम्मान के भाव से देखा जाने लगा है। ये सकरात्मक परिणाम तभी उभर कर आते हैं जब किसी राजनीतिक दल की मंशा देश की आन, बान और शान बढ़ाने की हो।

error: Content can\\\'t be selected!!