चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव की घोषणा के साथ भाजपा की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार, संगठनात्मक बैठकों का दौर जारी

CHANDIGARH: सोमवार को शहर में नगर निगम चुनाव की घोषणा हो गई। 24 दिसंबर को चुनाव होंगे और 27 को परिणाम घोषित होगा। चुनाव की घोषणा के साथ ही भारतीय जनता पार्टी ने भी रफ्तार पकड़ ली है। भाजपा में संगठनात्मक बैठकों का दौर जारी है और प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने सभी कार्यकर्ताओं को कमर कसने के लिए कह दिया है। 

इसी कड़ी में सोमवार को सेक्टर-19 में कार्यकर्ताओं की बैठक हुई जिसमें प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, महामंत्री रामवीर भट्टी, प्रदेश सचिव अनूप गुप्ता, मंडल प्रभारी ईशान मल्होत्रा व बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रदेश अध्यक्ष सूद ने सभी कार्यकर्ताओं को कहा कि पिछली बार की तरह इस बार भी कार्यकर्ताओं को हर वार्ड में पार्टी के उम्मीदवार को जिताने के लिए जी जान से जुटना होगा।

उन्होंने कहा की भाजपा ने पिछले 7 सालों में जो विकास कार्य किए हैं उनकी एक बुकलेट तैयार की जाएगी जिन्हें आमजन तक पहुंचाया जाएगा ताकि लोगों को भाजपा के विकास कार्यों की संपूर्ण जानकारी प्राप्त हो। सूद ने कहा कि पिछले नगर निगम चुनाव में भाजपा को शहर की जनता ने पूरा समर्थन दिया था। सूद ने कहा ” 2016 नगर निगम चुनाव में भाजपा ने 26 में से 22 सीटों पर चुनाव लड़ा था जिनमें से 20 सीटों पर हमें जीत मिली थी। एक वार्ड में हमारा ही एक नेता आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था और जीता भी था। बाद में वह भाजपा में शामिल हो गया। हम केवल एक ही सीट पर कांग्रेस से चुनाव हारे थे। ये ऐतिहासिक जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही संभव हो सकी थी, इसलिए हम सबको एक बार फिर मिलकर भारतीय जनता पार्टी को भारी बहुमत से चुनाव जिताना है।”

error: Content can\\\'t be selected!!