चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में सभी सीटें जीतकर हम अटल जी को सच्ची श्रद्धांजलि देंगे: तावड़े

भाजपा का राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद चंडीगढ़ पहुंचे विनोद तावड़े, हुआ जोरदार स्वागत

CHANDIGARH: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री बनने के बाद विनोद तावड़े सोमवार को चंडीगढ़ पहुंचे। तावड़े चंडीगढ़ नगर निगम चुनावो के प्रभारी भी है जिसके चलते चंडीगढ़ भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

आज उनके चंडीगढ़ पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया। एयरपोर्ट से भाजपा कार्यालय कमलम तक उनका काफिला चला और यहां कार्यकर्ताओं ने खुशी में ढोल-नगाड़े बजाए।उक्त जानकारी देते हुए प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चन्द जैन ने बताया कि  इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, हिमाचल प्रदेश के सह-प्रभारी संजय टंडन, संगठन महामंत्री दिनेश कुमार , मेयर रविकांत शर्मा, महामंत्री रामवीर, चंद्रशेखर, प्रदेश सचिव अमित राणा समेत पार्टी के प्रदेश, जिला व मंडल के पदाधिकारीयो सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।  इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने लड्डू बांट कर एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाया। विनोद तावड़े ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी की ओर से उन्हें दी गई जिम्मेदारी से स्पष्ट हो गया है कि कार्यकर्ता को पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य करते रहना चाहिए और पार्टी उनके कार्य का आकलन करके कार्यकर्ता की प्रतिभा के अनुसार जिम्मेदारी देती है। तावड़े ने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो दायित्व दिया है कि उसे वह  पूरी निष्ठा से निभाएंगे।  तावड़े ने कहा कि इतनी बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर उन्हें चंडीगढ़ के कार्यकर्ताओं के सहयोग की जरूरत है। तावड़े ने चंडीगढ़ नगर निगम के चुनावों को लेकर संबोधित करते हुए कहा कि सभी ने मिलकर चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में 35 में से 35 सीटों पर जीत हासिल करनी है।

तावड़े ने कहा कि चंडीगढ़ में 24 दिसंबर को चुनाव है जोकि अटल जी की जयंती से एक दिवस पूर्व हैं। इसलिए निगम चुनावों में सभी सीटें जीतकर अटल जी को हम सच्ची श्रद्धांजलि देंगे। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि हमारे लिए भी ये खुशी का मौका है। भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है  उसका राष्ट्रीय महामंत्री बनना सौभाग्य की बात है। हिमाचल प्रदेश भाजपा के सह प्रभारी संजय टंडन ने इस मौके पर विनोद तावडे को बधाई दी और यहां विनोद तावडे के स्वागत के लिए पहुंचने के लिए सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।

error: Content can\\\'t be selected!!