इंदिरा कालोनी में तोड़फोड़ का मामला: रात में भी हाउसिंग बोर्ड दफ्तर घेरे बैठे हैं भाजपाई, जानिए क्या किया ऐलान

अफसरों पर इंदिरा कॉलोनी में तोडफ़ोड़ की कार्रवाई के दौरान भाजपा नेताओं के साथ दुर्व्यवहार करने व घसीटकर थाने ले जाने का आरोप

CHANDIGARH: चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा इंदिरा कॉलोनी में आज मकान तोड़े जाने के खिलाफ चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने मोर्चा खोल है। बोर्ड की इस कार्रवाई के खिलाफ भाजपा प्रदेश महामंत्री रामबीर के नेतृत्व में पार्टी के सैंकड़ों कार्यकर्ता दोपहर से ही हाउसिंग बोर्ड दफ्तर के गेट पर धरना देकर बैठे हैं। उन्होंने ऐलान किया है कि जब तक हाउसिंग बोर्ड पूरे चंडीगढ़ में भेजे गए नोटिसों को वापस नहीं लेगा, वह धरना खत्म नहीं करेंगे। लिहाजा, रात 10 बजे भी भाजपाई हाउसिंग बोर्ड कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे रहे।

ये है पूरा मामला
आज के प्रकरण की जानकारी देते हुए भाजपा नेताओं ने बताया कि सुबह जब बोर्ड ने इंदिरा कॉलोनी में मकानों को तोडऩे की कार्रवाई शुरू की तो स्थानीय पार्षद विनोद अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष मनीष भसीन के साथ अधिकारियों ने अभद्र व्यवहार किया, धकामुक्की की तथा घसीटते हुए उन्हें आईटी पार्क पुलिस स्टेशन ले गए। इसके उपरांत मौके पर पार्टी के पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली, उप महापौर जगतार सिंह जग्गा, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश पांचाल, जिला महामंत्री संजीव कुमार वर्मा, शीलानाथ और रवि रावत, मण्डल अध्यक्ष श्रवण कुमार, युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिनव शर्मा, जिला अध्यक्ष शशांक भट्ट सैंकड़ों कार्यकर्ताओं समेत पुलिस स्टेशन पहुंचे और सामूहिक गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मामले को बढ़ता देख  पुलिस ने सभी लोगों को छोड़ दिया।

ये भाजपा नेता बैठे हैं धरने पर
इसके बाद भाजपाई हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर-9 स्थित कार्यालय का अनिश्चितकालीन घेराव करके बैठ गए। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और हाउसिंग बोर्ड के निदेशक सचिव हुकूम चन्द, प्रवक्ता नरेश अरोड़ा, वरिष्ठ उप महापौर रविकांत शर्मा, पार्षद राजेश कालिया, गुरप्रीत सिंह ढिल्लों, अनिल दुबे, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विजय राणा, भजन सिंह माडु, मण्डल प्रधान सोहन सिंह, मुकेश शर्मा, सुभाष मौर्य, अश्वनी खोसला, मकान बचाओ समिति के अध्यक्ष होशियार सिंह, भूषण कुमार, शिवकरण राणा, सुमित कुमार, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अमजद खान, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार, महिला मोर्चा महासचिव रूबी गुप्ता, मण्डल अध्यक्ष नारायण प्रसाद, भरत कुमार, दीपक शर्मा सहित पार्टी के सैंकड़ों कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए।

मोदी गरीबों को मकान दे रहे, हाउसिंग बोर्ड छीन रहा: भाजपा
उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि गत काफी समय से हाउसिंग बोर्ड के अफसर चंडीगढ़ की गरीब जनता के साथ धक्काशाही करने में लगे हुए हैं। मनमाने रवैये के चलते लोगों को मकान तोडऩे के नोटिस दे रहे हैं। आज तो इंदिरा कॉलोनी में एक विधवा के घर को तोडऩे के लिए दल-बल के साथ पहुंचे। इतनी सर्दी में लोगों को मकान से निकालना और तोडफोड़ करना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीब लोगों को मकान दे रहे हैं, दूसरी ओर प्रशासन के अधिकारी इसके विपरीत गरीबों के मकान छीन रहे हैं। यह भाजपा के कार्यकर्ता सहन नहीं करेंगे। जब तक प्रशासन लोगों को मकान तोडऩे के नोटिस वापस नहीं लेता, तब तक भाजपा के कार्यकर्ता हाउसिंग बोर्ड के दफ्तर का घेराव करके रखेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!