चंडीगढ़ व पंजाब भाजपा के संगठन महामंत्री दिनेश कुमार ने कराया भव्य शिव मंदिर का निर्माण, उत्तराखंड की राज्यपाल ने किया लोकार्पण, सियासी व धार्मिक हस्तियों का लगा जमावड़ा

CHANDIGARH: पंजाब एवं चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री दिनेश कुमार द्वारा यू.पी. के हाथरस के निकट स्थित अपने पैतृक गांव एहबरनपुर में बनाए गए भव्य शिव मंदिर का लोकार्पण उत्तराखंड की राज्यपाल बेबीरानी मौर्य, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्वनी कुमार चौबे और जगद्गुरु शंकराचार्य रामभद्राचार्य ने किया। तीन दिन चले इस मंदिर के भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह में देश के राजनीतिक जगत की कई बड़ी हस्तियों और साधु-संत समाज की प्रतिष्ठित विभूतियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

पंजाब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व चंडीगढ़ के मेयर भी पहुंचे

पंजाब एवं चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री दिनेश कुमार ने बृज क्षेत्र में स्थित अपने पैतृक गांव एहबरनपुर में शिव मंदिर का निर्माण अपने माता-पिता की याद में कराया है। इसका नाम ब्रजेश्वर महादेव मंदिर रखा गया है। मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में दूसरे दिन केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री सोमप्रकाश, केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रभात झा, पंजाब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी कुमार, चंडीगढ़ के मेयर रविकांत शर्मा, एंट्री टेरेरिस्ट फ्रंट के प्रमुख मनिंदरजीत सिंह बिट्टा, यूपी के पंचायत राज्य मंत्री भूपेंद्र चौधरी, नगर विकास मंत्री महेश गुप्ता, अलीगढ़ के सांसद सतीश गौतम, हाथरस के विधायक हरीशंकर माहौर, सादाबाद के विधायक रामवीर उपाध्याय, उनके बेटे एवं भाजपा नेता चिराग उपाध्याय, हाथरस नगर पालिका के चेयरमैन आशीष शर्मा समेत राजनीतिक क्षेत्र की कई हस्तियों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के ब्रज प्रांत के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में शिरकत की।

राज्यपाल ने दिनेश कुमार के भाई हरिओम शर्मा की किताब का विमोचन भी किया

प्राण प्रतिष्ठा समारोह के तीसरे दिन उत्तराखंड की राज्यपाल बेबीरानी मौर्य, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्वनी कुमार चौबे और जगद्गुरु शंकराचार्य रामभद्राचार्य ने पूर्ण विधि-विधान से नारियल फोड़कर और फीता काटकर नवनिर्मित ब्रजेश्वर महादेव मंदिर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद समेत बड़ी संख्या में साधु-संत भी मौजूद थे। इस मौके पर उत्तराखंड की राज्यपाल बेबीरानी मौर्य ने पंजाब एवं चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री दिनेश कुमार के छोटे भाई हरिओम शर्मा की किताब काव्यांकुर का विमोचन भी किया। राज्यपाल बेबीरानी मौर्य ने जीवन में माता-पिता की अहमियत का वर्णन करते हुए माता-पिता की याद में शिव मंदिर का निर्माण कराने के लिए पंजाब एवं चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के संगठन महामंत्री दिनेश कुमार की प्रशंसा की। प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अंतिम दिन विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।

error: Content can\\\'t be selected!!