चंडीगढ़ भाजपा ने 4 राज्यों की विजय का मनाया जश्न, अरुण सूद बोले- BJP ने 2024 का सेमीफाइनल भारी बहुमत से जीत लिया

CHANDIGARH, 10 MARCH: पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में से 4 राज्यो में भाजपा की भारी बहुमत से जीत का चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर व एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर जश्न मनाया। स्थानीय सेक्टर-33 स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कमलम में आयोजित इस कार्यक्रम में चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद, मेयर सरबजीत कौर, उपाध्यक्ष रामलाल, सचिव तजिंदर सिंह सरां, कार्यालय सचिव देवी सिंह, गजेंद्र शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन , नरेश अरोड़ा, शिप्रा बंसल, धीरेंद्र तायल, पार्षद महेश इंद्र सिद्धू, मनोज सोनकर, जसमनप्रीत सिंह, राजिंदर शर्मा और हरप्रीत कौर बबला के अलावा सभी मोर्चा अध्यक्ष, जिला- मंडल अध्यक्षों सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए।

भाजपा कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद व अन्य।


प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि 5 राज्यों में से 4 राज्यों में भाजपा की भारी जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की नीतियों व भाजपा की कार्यशैली पर लोगों का विश्वास है। विकास की राजनीति को नई दिशा मिली है। लोग आश्वस्त हैं कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व भाजपा के हाथों में देश पूरी तरह सुरक्षित है। 4 राज्यों में भाजपा की सरकार का रिपीट होना इस बात का प्रमाण है कि लोग भाजपा सरकारों की कार्यशैली से खुश हैं। उन्होंने कहा कि इन चुनावों में साबित हो गया है कि भाजपा सरकार द्वारा चलाई गई गरीब कल्याण योजनाओं को भरपूर समर्थन मिला है। भाजपा ने हमेशा ही गरीब कल्याण व समाज कल्याण के कार्य किए हैं तथा लोगों तक इन योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचा है।

अरुण सूद ने कहा कि लोग इन विधानसभा चुनावों को 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के सेमीफाइनल के रूप में देख रहे थे तो भाजपा ने यह सेमीफाइनल भारी बहुमत से जीत लिया है। भाजपा का काम दिखाई देता है। जो काम 70 वर्षों में नहीं हुए वे पिछले 7 वर्षों में किए गए हैं, जिस पर लोगों ने मुहर लगाई है। सूद ने कहा कि देश कांग्रेस मुक्त भारत बनने जा रहा है। पंजाब में कांग्रेस की सरकार को लोगों ने चलता किया है। एक सवाल के जवाब में अरुण सूद ने कहा कि पंजाब में भाजपा ने पहली बार अपने बलबूते इतनी सीटों पर चुनाव लड़ा है और अपना एक सशक्त वोट शेयर हासिल करने में कामयाब हुई है।

अरुण सूद ने इन चुनावों में हुई जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा व शीर्ष नेतृत्व की संगठन क्षमता व कार्यकुशलता का परिणाम बताते हुए जीत पर चंडीगढ़ के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं तथा देशभर के भाजपा परिवार व पूरे देशवासियों को बधाई दी।

error: Content can\\\'t be selected!!