चंडीगढ़ भाजपा ने कार्यकर्ताओं के समग्र विकास के लिए लगाया प्रशिक्षण शिविर

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घडूआं के परिसर में तीन दिन चला यह शिविर

CHANDIGARH, 22 MAY: भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ ने अपने कार्यकर्ताओं के लिए तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया, जिसमें कार्यकर्ताओं के समग्र विकास के लिए विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया गया।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया कि भाजपा की नीतियों के तहत तथा राष्ट्रीय नेतृत्व के आदेशानुसार चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद के दिशा-निर्देश में चंडीगढ़ भाजपा के डॉ. भीमराव अंबेडकर जिला व डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिले के कार्यकर्ताओं का यह जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घडूआं के परिसर में आयोजित किया गया। शुक्रवार से शुरू हुए तीन दिन के इस आवासीय शिविर में इन जिलों से संबंधित जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों व अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी घडूआं के कुलाधिपति सतनाम सिंह संधू की अध्यक्षता में आयोजित किए गए डॉ. भीमराव अंबेडकर जिले के प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन सत्र की शुरुआत पंजाब प्रदेश भाजपा के महासचिव सुभाष शर्मा ने की, जबकि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिले के शिविर का उद्घाटन आरएस के वरिष्ठ नेता अमृत सागर ने किया। इस अवसर पर सतनाम सिंह संधू ने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के बारे में जानकारी दी तथा शिक्षा के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने हमेशा छात्रो के अनुरूप माहौल दिया है तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास पर जोर दिया है। पढ़ाई के आगे रोजगार की भी चिंता की जाती है। उन्होंने कहा कि शिक्षित होगा भारत तो आगे बढ़ेगा भारत के मूलमंत्र को अपना कर ही देश की तरक्की में सहायक हो सकते है। शिविर में विभिन्न विषयों पर रामवीर, चंद्रशेखर, शक्ति प्रकाश देवशाली, धीरेंद्र तायल, रवि कांत शर्मा, जगतार सिंह ढिल्लों, महेश इंदर सिद्धू, प्रेम कौशिक, कैलाश चन्द जैन, अश्विन जोहर, अजय जग्गा, रविंद्र पठानिया, इंद्रजीत सिंह, कुलदीप अग्निहोत्री, चमन लाल गुप्ता आदि विशेषज्ञों ने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया।

भीमराव अंबेडकर जिले के शिविर के समापन सत्र को चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने संबोधित किया तथा संगठन में हमारी भूमिका के बारे में चर्चा की। इसी प्रकार डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिले के शिविर के समापन सत्र को चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष संजय टण्डन ने संबोधित किया। उन्होंने भारत का बढ़ता सुरक्षा सामर्थ्य विषय पर चर्चा की।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने बताया कि यह केवल भारतीय जनता पार्टी ही है, जिसके द्वारा अपने कार्यकर्ताओं के समग्र विकास के लिए प्रशिक्षण शिविर लगाए जाते हैं। इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर पूरे देश में लगाए जा रहे हैं। चंडीगढ़ में अभी केवल दो जिलों के प्रशिक्षण शिविर लगाए गए हैं। इसी प्रकार के शिविर अन्य जिलों में भी लगाए जाएंगे तथा सभी जिलों के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति सतनाम सिंह संधू, पूरी मैनेजमेंट, स्टाफ व प्रबंधन में लगे सभी व्यक्तियों का धन्यवाद किया, जिनके सहयोग से ये शिविर लग सके।

error: Content can\\\'t be selected!!