चंडीगढ़ कांग्रेस ने डम्पिंग ग्राउंड के पास योगाभ्यास कर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया

क्षेत्रीय लोगों को कूड़े की दुर्गंध से निजात दिलाने की उठाई आवाज

CHANDIGARH, 21 JUNE: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज डम्पिंग ग्राउंड डड्डूमाजरा चण्डीगढ़ के साथ लगते मैदान में योगाभ्यास कर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया।

स्थानीय कांग्रेस नेताओं गुरचरण सिंह, बीरेंद्र राय, सोनिया, ममता राणा, सतीश मचाल, ललित बिड़ला, वी.एन. तिवारी, बनवारी लाल, प्रीत काकरा, सागर, रोहित चौटाला, अमन कुमार, कुलदीप, कृष्ण ठाकुर, रोहन, सार्थक, साहिल और शेरी योगाभ्यास में भाग लिया. डंपिंग ग्राउंड साइट, जो कि खूबसूरत शहर चंडीगढ़ के लिए एक बदनुमा धब्बा बन चुका है, को योगाभ्यास के लिए विशेष रूप से चुना गया था. यहाँ कचरे के लगातार डम्प होने के कारण अब यहाँ इन्सानों के रहने लायक स्थितियां नहीं बची हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डंपिंग साइट के आसपास के निवासियों को दैनिक आधार पर योग करने का आह्वान किया ताकि वे मानव निर्मित कचरे के इस विशाल ढेर से उत्पन्न परिस्थितियों के दुष्प्रभावों का सामना कर सकें।

पार्टी कार्यकर्ताओं को भेजे गए एक अलग संदेश में चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लकी ने उनसे लोगों के बीच जा कर योग को और अधिक लोकप्रिय बनाने और शहर में प्रदूषण को कम करने में प्रशासन और नगर निगम की मदद करने के लिए काम करने का आग्रह किया।
उन्होंने चंडीगढ़ के लोगों को याद दिलाया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल ने पिछले नगर निगम चुनाव के दौरान चंडीगढ़ के लोगों से एक वादा किया था कि अगर कांग्रेस के मेयर चुने गए, तो कांग्रेस पार्टी डड्डूमाजरा में कचरे की डंपिंग 30 जून 2022 से पहले पहले पूरी तरह से रुकवा देगी और साथ ही डंप किए गए कचरे का रायसानिक और जैविक प्रसंस्करण और उसे हटाने का काम भी तुरंत शुरू करवाएगी।

लकी ने खेद व्यक्त किया कि अपनी जनविरोधी नीतियों के परिणामस्वरूप भाजपा और आप दोनों पार्टियों के पार्षदों ने यह सुनिश्चित कर दिया है कि कूड़े का ढेर और इसकी बरदाश्त न होने वाली बदबू दिन-ब-दिन बढ़ती रहे। उन्होने दोनों पार्टियों से आग्रह किया कि वह चण्डीगढ़ के हित में काम करें और डड्डू माजरा के कचरे के ढेर का जल्दी से कोई स्थायी हल निकालें।

error: Content can\\\'t be selected!!