चंडीगढ़ कांग्रेस ने PU में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं से मारपीट और गिरफ्तारी की निंदा की

कहा-पंजाब विश्वविद्यालय को RSS की गतिविधियों का अड्डा बनाना शर्मनाक

CHANDIGARH, 1 SEPTEMBER: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज पंजाब विश्वविद्यालय के उपकुलपति प्रोफेसर राजकुमार के खिलाफ शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन कर रहे भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ () के 11 कार्यकर्ताओं के साथ बर्बरतापूर्ण मारपीट और उनकी गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ के सदस्य पंजाब यूनिवर्सिटी की एक हॉस्टल वार्डन तमन्ना सहरावत समेत दूसरे कई दोषियों, जिन पर यूनिवर्सिटी की छात्राओं और नॉन टीचिंग स्टाफ को परेशान करने तथा डराने-धमकाने का आरोप है, को कानूनी कार्रवाई से बचाने में उपकुलपति की निन्दनीय भूमिका के विरोध में शान्तिपूर्ण धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की के नेतृत्व में आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की बुलाई गई आपात बैठक में एक सुर में उपकुलपति के रवैये और चंडीगढ़ पुलिस की कार्रवाई की निन्दा की गई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रतिशोध की भावना से ग्रसित उपकुलपति के इशारे पर ही विश्वविद्यालय के निर्दोष छात्रों के साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार किया।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कांग्रेस पार्षद और विश्वविद्यालय के ला डिपार्टमेंट के छात्र सचिन गालव के साथ मारपीट और बाल खींचने को अवैध व अनुचित बताते हुए कहा कि निर्दोष छात्रों के साथ ऐसा क्रूर व्यवहार शर्मनाक है। चंडीगढ़ कांग्रेस ने पुलिस द्वारा की गई बर्बरता की निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि जल्द ही डीजीपी चंडीगढ़ और चंडीगढ़ प्रशासन के अन्य अधिकारियों से इस घटना पर उचित कार्रवाई करने को लेकर मुलाकात की जाएगी और अगर जल्द ही न्याय नहीं किया गया तथा दोषियों को दंडित नहीं किया गया तो चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस को उपकुलपति और दूसरे सम्बंधित आरोपियों के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

पंजाब विश्वविद्यालय के उपकुलपति की निंदा करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहे उपकुलपति ने हंगामा करने और कानून तोड़ने वाले एबीवीपी कार्यकर्ताओं को पुलिस कार्रवाई से बचाया लेकिन शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करवा दिया। चंडीगढ़ कांग्रेस ने कुलपति से अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी का निर्वाह करने का आग्रह किया है और कहा है कि यह शर्म की बात है कि विश्व प्रसिद्ध पंजाब विश्वविद्यालय को आरएसएस की गतिविधियों का अड्डा बना दिया गया है।

error: Content can\\\'t be selected!!