चंडीगढ़ कांग्रेस ने राहुल गांधी पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर जताई खुशी, मिठाइयां बांटीं

यह सत्य की जीत है, राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता तत्काल बहाल की जाएः एचएस लक्की

CHANDIGARH, 4 AUGUST: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले की सराहना करते हुए खुशी व्यक्त की, जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने मानहानि मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सजा पर रोक लगा दी। इस पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मिठाइयां बांटीं और राहुल गांधी तथा कांग्रेस पार्टी के पक्ष में नारे लगाए। इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने खुशी व्यक्त करते हुए शीर्ष अदालत को उसके इस ऐतिहासिक फैसले के लिए धन्यवाद दिया।

एचएस लक्की ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का दूरगामी असर होगा, क्योंकि यह छल पर सत्य की जीत है।
राहुल गांधी गरीबों और वंचितों के हितों के लिए लड़ रहे हैं और उनकी आवाज को दबाने की साजिश रची गई। लक्की ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। उन्होंने राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता तत्काल बहाल करने की मांग की, ताकि वह संसद में सच्चाई की आवाज पहले की तरह उठाते रहें।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल भी इस जश्न में शामिल हुए और उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर खुशी जताते हुए कहा कि आखिरकार सत्य की जीत हुई। उन्होंने इसे भारत के लोगों की जीत बताया। सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर बड़ी संख्या में चंडीगढ़ कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई।

error: Content can\\\'t be selected!!