भारत जोड़ो यात्रा में भागीदारी और स्वागत के लिए बड़े आयोजन की तैयारी में जुटी चंडीगढ़ कांग्रेस

पार्टी की स्थानीय नेता नंदिता हुड्डा राहुल गांधी के सह यात्रियों में हैं शामिल

CHANDIGARH, 13 SEPTEMBER: राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की कन्याकुमारी से कश्मीर तक की भारत जोड़ो यात्रा इस समय केरल से होकर गुजर रही है। इस यात्रा ने अपने पहले छह दिनों की 120 किलोमीटर की दूरी तय कर ली है। साल के अंत तक भारत जोड़ो यात्रा जब दिल्ली को पार करेगी तो चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस इस यात्रा के स्वागत और इसमें भाग लेने संबंधी बड़े कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। पार्टी यहां इसकी तैयारियों में जुट गई है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने बताया कि भारत के लोगों को एकजुट करने और देश में एक विशेष विचारधारा द्वारा फैलाई जा रही नफरत को दूर करने के उद्देश्य से 3570 किलोमीटर की इस भारत जोड़ो यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस यात्रा को करोड़ों लोगों का अभूतपूर्व प्यार और समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए हर तबके के हजारों लोग हर रोज घंटों इंतजार करते हैं। राजीव शर्मा ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा एक व्यापक अभियान की आवश्यकता पर जोर दे रही है, जिसका उद्देश्य राष्ट्र को एकजुट करना है। राहुल गांधी ने यात्रा के दौरान बार-बार कहा है कि भारत के पास लाखों गरीब लोगों की पीड़ा को कम करने सहित कई महत्वपूर्ण लक्ष्य हैं, लेकिन यह संभव नहीं हो पाएगा यदि देश में आपसी मनमुटाव, क्रोध और घृणा से भरे वातावरण को आपसी सौहार्द और प्यार में बदला न गया।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि कन्याकुमारी से कश्मीर तक पदयात्रा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को अपना समर्थन देने के लिए भारी संख्या में लोगों के सड़कों पर कतार में खड़े होने के कारण कांग्रेस पार्टी का यह अभियान देश विदेश में लोगों को आकर्षित कर रहा है। बड़ी संख्या में विदेशी मीडिया के पत्रकार इस यात्रा को कवर करने के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का एक और संदेश, जो सब जगह लोगों को अत्याधिक प्रभावित कर रहा है, वह यह है कि अगर कोई देश में किसी दूसरे व्यक्ति से नफरत करता है तो यह समझा जाए कि वह व्यक्ति भारत के विचार से नफरत कर रहा है। जैसे-जैसे यात्रा का सन्देश जनता तक पहुंच रहा है, लोगों को यह अहसास होने लगा है कि देश में एक खास विचारधारा से उत्पन्न क्रोध और घृणा का माहौल व्याप्त है, जिसका सबको मुकाबला करने की जरूरत है।

राजीव शर्मा ने बताया कि इस यात्रा में चंडीगढ़ कांग्रेस भी जोर-शोर से हिस्सा ले रही है। चंडीगढ़ की कांग्रेस नेता नंदिता हुड्डा पूरी यात्रा के दौरान राहुल गांधी और अन्य नेताओं के साथ चल रही हैं। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की 7 सितंबर को यात्रा के उदघाटन समारोह में भाग लेने के लिए कन्याकुमारी गए थे। राजीव शर्मा ने कहा कि जैसे ही यह यात्रा इस साल के अंत तक दिल्ली को पार करेगी, उस वक्त चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस इस यात्रा में भाग लेने सम्बन्धी बड़े़ कार्यक्रमों का आयोजन करने की योजना बना रही है।

error: Content can\\\'t be selected!!