चंडीगढ़ कांग्रेस ने नगर निगम के सामने किया जोरदार प्रदर्शन, महंगाई-बेरोजगारी के अलावा स्थानीय मुद्दों पर जताया कड़ा विरोध

भाजपा के नेतृत्व वाला नगर निगम और केंद्र सरकार लोगों को राहत देने में विफलः एचएस लक्की

Congress protests CHANDIGARH, 6 MARCH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के नेतृत्व में आज कांग्रेसजनों ने भाजपा शासित नगर निगम के सेक्टर-17 स्थित कार्यालय के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए काले कपड़े पहन रखे थे और हाथों में तख्तियां तथा पार्टी के झंडे लेकर शहर में पानी की दरों में भारी वृद्धि, ई-संपर्क केंद्रों में सेवा कर लगाने, रिपोर्ट के बावजूद फिरनी के अंदर पानी का कनेक्शन नहीं देने, प्रॉपर्टी की शेयरवाइज रजिस्ट्री पर प्रतिबंध, बिजली दरों में प्रस्तावित बढ़ोतरी, गैस और दूध की कीमतों में हालिया वृद्धि, बेरोजगारी और बढ़ती मुद्रास्फीति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में राज्य, जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, इंटक, युवा कांग्रेस एन.एस. यू.आई. और कांग्रेस के सभी पार्षद शामिल हुए।

इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाले नगर निगम और केंद्र सरकार दोनों ही लोगों को राहत देने में विफल रहे हैं। स्थानीय स्तर पर जहां भाजपा शासित नगर निगम टैक्स पर टैक्स वसूल रहा है और पानी के शुल्क लगातार बढ़ाकर आम आदमी पर आर्थिक बोझ डाल रहा है, वहीं हालिया पेड पार्किंग घोटाला नगर निगम चंडीगढ़ के भ्रष्टाचार और अक्षमता के बारे में बहुत कुछ बयान करता है। लक्की ने कहा कि केंद्रीय स्तर पर भी मोदी सरकार का बेरोजगारों को नौकरी देने और महंगाई कम करने का वायदा औंधे मुंह गिर गया है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ और पूरे देश के लोग भाजपा की लोक विरोधी नीतियों से तंग आ चुके हैं तथा 2024 में भाजपा की गलत नीतियों का विरोध करते हुए उसे देश की सत्ता से बाहर करेंगे। इस बीच, कांग्रेस पार्टी ने चंडीगढ़ नगर निगम में हाल ही में हुए पेड पार्किंग घोटाले की सीबीआई जांच की भी मांग की।

error: Content can\\\'t be selected!!