चंडीगढ़ नगर निगम में भ्रष्टाचारियों के चेहरे से पर्दा उठना जरूरी, पेड पार्किंग घोटाले की सीबीआई जांच होः प्रदीप छाबड़ा

पूर्व मेयर बोले- किसकी है कंपनी और क्या राजनीतिक पार्टी या राजनेता से संबंध तो नहीं हैं ठेकेदार के ?

CHANDIGARH, 6 MARCH: पंजाब लार्ज स्केल इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन, आम आदमी पार्टी के पूर्व सह प्रभारी एवं चंडीगढ़ के पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने पिछले दिनों चंडीगढ़ में पेड पार्किंग ठेकेदार द्वारा किए गए 6 करोड़ रुपए के घपले व डेढ़ करोड़ रुपए की जाली बैंक गारंटी दिए जाने की सीबीआई जांच की मांग की है।

यहां जारी एक बयान में पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि किन अफसरों की लापरवाही की वजह से नगर निगम का करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ, उन अफसरों के चेहरों से पर्दा उठना जरूरी है, क्योंकि इस पूरे मामले से नगर निगम में भ्रष्टाचार की तमाम परतें उघड़कर सबके सामने आ जाएंगी। लोगों को पता लग सकेगा कि भाजपा शासित नगर निगम में किस तरह पिछले छह साल से भ्रष्टाचार फलफूल रहा है। अधिकारी किसकी मिलीभगत से भ्रष्टाचार की गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं। छाबड़ा ने कहा कि सीबीआई जांच में ही यह भी सामने आ सकेगा कि पेड पार्किंग घोटाला करने वाली कंपनी असल में किसकी है और क्या किसी राजनीतिक पार्टी या राजनेता से उसका संबंध तो नहीं है।

छाबड़ा ने कहा कि पूरे मामले की विजीलेंस जांच तो मात्र फॉरमैलिटी है। विजीलैंस में पहले भी नगर निगम के कई अफसरों के खिलाफ जांचें बाकी हैं। विजीलैंस जांच की बात करके एक बार फिर पेड पार्किंग घोटाले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि इस घोटाले के असल दोषियों को भी बचाया जा सके। इसलिए पूरे मामले की सीबीआई जांच होना बहुत जरूरी हो गया है।

प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि पहले भी नगर निगम के कई अफसर सीबीआई द्वारा पकड़े गए हैं। इस समय चंडीगढ़ नगर निगम में भ्रष्टाचार का जोर है तथा भाजपा के इशारे पर प्रशासन आंखे मूंदे बैठा है। छाबड़ा ने चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित से मांग की है कि वह इस मामले को गम्भीरता से लें और तुरंत इसकी सीबीआई जांच का आदेश जारी करें। ऐसा न करने पर भाजपा की तरह प्रशासक के ऊपर से भी चंडीगढ़ की जनता का विश्वास उठ जाएगा।

error: Content can\\\'t be selected!!