चंडीगढ़ कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में भाजपा की शिकस्त के लिए कसी कमर, बूथ लेवल तक मुकाबले की रणनीति बनाई

बेरोजगारी, महंगाई व नगर निगम के कुशासन से तंग जनता BJP को सबक सिखाने के लिए तत्पर बैठी हैः एचएस लक्की

CHANDIGARH, 15 SEPTEMBER: लोकसभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अब बूथ स्तर तक भाजपा के मुकाबले के लिए रणनीति बनाने में जुट गई है। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परवीन नारंग बंटी के नेतृत्व में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक एक बैठक आयोजित की गई। सेक्टर-35 स्थित चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई इस बैठक में 5 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष सोनिया गुरचरण सिंह, संजीव शर्मा, नीरज धोत, बलविंदर कौर और प्रिंस डड्डूमाजरा अपने पदाधिकारियों के साथ उपस्थित रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि पार्टी के इन सभी 5 ब्लॉकों में बूथ लेवल कमेटियां बनाकर निचले स्तर तक संगठन को कसा जाए। साथ ही ये कमेटियां अपने-अपने बूथ के अंतर्गत पंजीकृत सभी मतदाताओं तक पहुंचकर कांग्रेस की नीतियों तथा केंद्र की भाजपा सरकार की विफलताओं से उनको अवगत कराएं। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि बूथ लेवल कमेटियां बनाने का काम अगले महीने के अंदर पूरा कर लिया जाएगा।

इस अवसर पर सभी कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि पार्टी शहर में अगले लोकसभा चुनाव के लिए जोरशोर से कमर कस रही है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ की जनता भाजपा द्वारा संचालित नगर निगम की विफलता, केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों के चलते बढ़ती जा रही महंगाई तथा बेरोजगारी से तंग आ चुकी है और लोकसभा चुनाव के मतदान के दौरान भाजपा को सबक सिखाने के लिए तत्पर बैठी है।

इस मौके पर कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष परवीन नारंग बंटी ने प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व को आश्वासन दिया कि वह अपने अधीन कांग्रेस के शहरी जिले से संबंधित बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की अंतिम सूची 31 अक्टूबर से पहले पार्टी कार्यालय में जमा कर देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद किरण खेर पहले ही शहर को अपने हाल पर छोड़ चुकी हैं, जबकि भाजपा और उसके नियंत्रण में चल रहा नगर निगम चंडीगढ़ तथा यहां के लोगों को दोनों हाथों से लूट रहा है। लोकसभा चुनाव में भाजपा को इसका खामियाजा भगुतना ही पड़ेगा। इस बैठक में प्रदेश कांग्रेस नेता अच्छे लाल गौड़ और आनन्द वालिया भी मौजूद रहे, जो पार्टी के बूथ लेवल सदस्यता अभियान के कोआर्डिनेटर भी हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!