जब कर्नल मनप्रीत की शहादत के गम में डूबा था ट्राइसिटी, तब प्लाजा पर नाच रहे थे चंडीगढ़ के भाजपा मेयर अनूप गुप्ता

कांग्रेस ने की कड़ी आलोचना, बोली- मेयर व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद शहीद के परिवार से मांगें माफी

CHANDIGARH, 16 SEPTEMBER: अनंतनाग में आतंकवादियों से मुठभेड़ में भारतीय सेना के मेजर, कर्नल तथा जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीएसपी की शहादत के दिन भाजपा के दिल्ली मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भव्य स्वागत के साथ जी-20 की सफलता का जोरदार जश्न मनाए जाने को लेकर भाजपा पहले ही आलोचनाओं में घिरी हुई है, अब चंडीगढ़ में भी भाजपा की उसके मेयर के कृत्य को लेकर निंदा हो रही है। क्योंकि जब अनंतनाग मुठभेड़ में कर्नल मनप्रीत सिंह की शहादत से पूरा चंडीगढ़ ट्राइसिटी शोक व गुस्से में था, तब भाजपा मेयर अनूप गुप्ता सेक्टर-17 प्लाजा पर डांस कर रहे थे। इसको लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने गहरी नाराजगी जताते हुए मेयर अनूप गुप्ता तथा चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद से मांग की है कि वह इस कृत्य के लिए शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह के परिवार से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

कांग्रेस की तरफ से जारी की गई सेक्टर-17 प्लाजा पर डांस करते भाजपा मेयर अनूप गुप्ता की फोटो।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के महासचिव राजीव मोदगिल ने एक बयान जारी कर कहा कि जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में मोहाली के कर्नल मनप्रीत सिंह की शहादत से जहां पूरी चंडीगढ़ ट्राइसिटी गम व गुस्से में डूबी हुई थी तथा शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह की अंतिम विदाई में हजारों की संख्या में शामिल हुए लोगों की आंखें नम थीं, वहीं चंडीगढ़ के भाजपा मेयर अनूप गुप्ता शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह की अंतिम विदाई में शामिल होने तथा शहीद कर्नल के परिवार को सांत्वना देने व ढाढस बंधाने की बजाय सेक्टर-17 के प्लाजा में डांस कर रहे थे। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि भाजपा, इसके नेता तथा मेयर शहीदों के प्रति कितने संवेदनशील हैं।

कांग्रेस की तरफ से जारी की गई सेक्टर-17 प्लाजा पर डांस करते भाजपा मेयर अनूप गुप्ता की फोटो।

राजीव मोदगिल ने कहा कि हैरान करने वाली बात ये भी थी कि पंजाब कैडर की आईएएस अधिकारी व चंडीगढ़ नगर निगम की कमिश्नर भी भाजपा मेयर के साथ में डांस कर रही थीं। मोदगिल ने कहा कि एक तरफ भाजपा मेरी माटी-मेरा देश जैसे नारे लगाती है, दूसरी ओर उसी माटी और उसी देश का लाल जब देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर तिरंगे में लिपट कर आया तो इसी भाजपा का मेयर सार्वजनिक स्थान पर डांस कर रहा था और ठुमके लगा रहा था। इससे देश के शहीदों के प्रति भाजपा का ढोंग उजागर हो गया है। राजीव मोदगिल ने कहा कि भाजपा मेयर अनूप गुप्ता का यह कृत्य निहायती निंदनीय व बेहद शर्मनाक है। इसके लिए चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद और मेयर अनूप गुप्ता को वीर सपूत शहीद कर्नल मनप्रीत सिंह के परिवार और पूरे चंडीगढ़ ट्राइसिटी के लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

error: Content can\\\'t be selected!!