चंडीगढ़ कांग्रेस 6 फरवरी को अडानी समूह के खिलाफ SBI के सामने करेगी जोरदार विरोध प्रदर्शन: एचएस लक्की

पार्टी की बैठक में भारत जोड़ो यात्रा पूरी कर लौटीं नंदिता हुड्डा का किया गया सम्मान

CHANDIGARH, 3 FEBRUARY: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की एक बैठक आज राजीव गांधी भवन सेक्टर-35 चंडीगढ़ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की की अध्यक्षता में हुई। इसमें अडानी समूह पर जनता की गाढ़ी कमाई लूटने का आरोप लगाते हुए अडानी समूह के खिलाफ एक विशाल विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया और कहा गया कि हिंडनबर्ग की हालिया रिपोर्ट में अडानी समूह के खिलाफ गंभीर अनियमितताओं की ओर इशारा किया गया है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने आरोप लगाया कि एसबीआई और एलआईसी ने अडानी समूह के शेयरों में भारत की जनता के करोड़ों रुपए का निवेश किया और ऐसा नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा कहने पर किया गया है। लक्की ने कहा कि मोदी सरकार द्वारा आज भी अडानी को संरक्षण दिया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि यह सरकार आम आदमी की कीमत पर उद्योगपति अडानी और अंबानी का पक्ष ले रही है। अब यह घोटाला साबित करता है कि राहुल गांधी ने पहले जो आरोप लगाया था, वह सही था।

लक्की ने बताया कि पार्टी ने अडानी समूह के खिलाफ 6 फरवरी को सुबह 11 बजे एसबीआई सेक्टर-17 चंडीगढ़ के सामने विरोध प्रदर्शन करने का फैसला लिया है, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठक में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की उपाध्यक्ष नंदिता हुड्डा, जो हाल ही में भारत जोड़ो यात्रा पूरी कर श्रीनगर से लौटी हैं, को शाल व गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर नंदिता हुड्डा ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों को अपना अनुभव बताया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने बताया कि इस बैठक में 24 फरवरी से 26 फरवरी तक रायपुर में होने वाले अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अधिवेशन में शामिल होने का निर्णय भी लिया गया। इस अधिवेशन में चंडीगढ़ से करीब सौ प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!