कल से महंगाई पर हल्ला बोलेगी चंडीगढ़ CONGRESS: मशाल जुलूस व साइकिल रैली निकालेंगे कांग्रेसजन, पानी में पकौड़े तलेगी महिला कांग्रेस

हम नगर निगम की सत्ता में आएंगे तो पानी के पुराने रेट लागू करेंगे: सुभाष चावला

निगम चुनाव में जीत के बाद लायंस कंपनी के खिलाफ जांच करवाएगी कांग्रेस: दीपा दुबे

CHANDIGARH: महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार के खिलाफ चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस (Chandigarh Pradesh Congress) शहर में भाजपा पर हल्ला बोलने जा रही है। हालांकि कांग्रेस का यह आंदोलन बुधवार से ही शुरू होना था लेकिन अपरिहार्य कारणों से यह अब शुक्रवार से शुरू किया जा रहा है। इसके तहत कांग्रेसजन जहां कालोनी व गांवों में मशाल जुलूस निकालकर लोगों से महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़े होने की अपील करेंगे, वहीं युवा कांग्रेसी शहर में साइकिल रैलियां निकालेंगे। कांग्रेसजन पेट्रोल पंपों पर काले झंडे व पार्टी के झंडे लेकर हस्ताक्षर अभियान भी चलाएंगे। इसके अलावा चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस सांकेतिक रूप से पानी में पकौड़े तलने का कार्यक्रम कर महंगाई पर भाजपा सरकार की नीतियों को कठघरे में खड़ा करेगी।

बचे हुए 6 माह में निगम को कंगाल और खुद को मालामाल करने का हर मौका ढूंढ रहे भाजपाई

सेक्टर-35 स्थित राजीव गांधी भवन में आज एक प्रैस कांफ्रैंस कर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने बताया कि 17 जुलाई तक चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की अलग-अलग डिस्ट्रिक्ट इकाइयां रोष धरना प्रदर्शन करेंगी और इसमें महिला कांग्रेस भी बढ़-चढ़कर साथ देगी। चावला ने कहा कि महंगाई पहले भी थी, पेट्रोलियम पदार्थों के दाम पहले भी ग्लोबली बढ़े थे पर कांग्रेस ने इसको भली-भांति संभालते हुए इसका असर आम जनता पर नहीं पड़ने दिया था। चावला ने चंडीगढ़ नगर निगम पर काबिज भाजपा को निगम की सत्ता से भी बाहर करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने भाजपा पार्षदों व मेयर पर शहर की सफाई के कार्य में भी भ्रष्टाचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्षद अपने बचे हुए छह महीने के कार्यकाल में निगम को कंगाल और खुद को मालामाल करने का हर मौका ढूंढ रहे हैं। सफाई कार्य ठेके पर देने का फैसला इसका ताजा उदाहरण है।

महंगाई पर हमने आवाज उठाई तो भाजपा ने 5 एफआईआर करा दीं

चावला ने कहा कि पानी के रेट्स पर भाजपा पहले ही शहर की जनता को धोखा दे चुकी है। जनता ने भी अब भाजपाइयों की बातों में न आकर उसे सबक सिखाने का मन बना लिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला ने ऐलान किया कि नगर निगम की सत्ता में आते ही कांग्रेस पानी के पुराने रेट्स लागू करेगी। उन्होंने कहा कि पिछले महीने भी कांग्रेस ने पेट्रोल और डीजल के दामों के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन किया था लेकिन भाजपा ने गंदी राजनीति करते हुए कांग्रेसजनों पर पांच एफआईआर दर्ज करा दीं। चावला ने कहा कि कांग्रेस इससे डरने वाली नहीं है और हर समय इन मुद्दों पर जनता की आवाज उठाती रहेगी।

निगम चुनाव में लोग भाजपा को सिखाएं सबक

चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने कहा कि बीजेपी सरकार ने 8 सालों में किस चीज को छोड़ा, जो लोगों की पहुंच में रह गई हो। युवाओं से रोजगार दूर कर दिया, आम आदमी से सुकून का जीवन दूर कर दिया। गृहणियों की किचन से दाल-आटा, चीनी, सब्जी दूर हो रही है। गैस सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं। पेट्रोल-डीजल जैसी जरूरी चीज भी अब सरकार लोगों की जेब से दूर करने पर तुली है। दीपा दुबे ने कहा कि महिला कांग्रेस लोगों की आवाज को लेकर भाजपा के खिलाफ शहर में जोरदार आंदोलन छेड़ेगी और लोगों से अपील करेगी कि हमेशा जनविरोधी नीतियां अपनाने वाली भाजपा को नगर निगम चुनाव में सबक सिखाकर निगम की सत्ता से भी बेदखल करे। दीपा दुबे ने घोषणा की कि निगम चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस शहर में सफाई के ठेके लेने वाली लायंस कंपनी के खिलाफ जांच कराएगी तथा भाजपा पार्षदों व मेयर के भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करेगी।

इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की महासचिव ममता राणा, ज्योति हंस, मीडिया सेल कोऑर्डिनेटर और प्रवक्ता स्नेहा सिंह, सोशल मीडिया टीम से सुषमा यादव, निधि, दामिनी, जैसमीन जग्गी और प्रीति भी मौजूद थीं।

error: Content can\\\'t be selected!!