चौथे दिन मनीमाजरा व रामदरबार में निकली चंडीगढ़ कांग्रेस की तिरंगा पदयात्रा, जुटी भारी भीड़

पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल ने विभाजन विभीषिका दिवस मनाने के लिए भाजपा की आलोचना की
चंडीगढ़ में सत्ता पर काबिज सांप्रदायिक और भ्रष्ट ताकतों को बाहर करने के लिए शांतिपूर्ण संघर्ष के लिए तैयार रहें कांग्रेसजनः एचएस लक्की

CHANDIGARH, 12 AUGUST: देश के स्वतंत्रता दिवस को 75 वर्ष पूरे होने पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में निकाली जा रही सात दिवसीय 75 किलोमीटर लंबी आजादी की गौरव यात्रा की कड़ी में आज चौथे दिन मनीमाजरा व रामदरबार के कांग्रेजनों ने तिरंगा पदयात्रा निकाली। दोनों यात्राओं में लोगों की भारी भीड़ जुटी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जय के नारे लगाए तो नजारा देखते ही बनता था। मनीमाजरा में पदयात्रा का आयोजन सुरजीत सिंह ढिल्लों अध्यक्ष मनीमाजरा जिला कांग्रेस, पूर्व मेयर गुरचरण दास काला और सुरिंदर सिंह, क्षेत्रीय कांग्रेस पार्षद दर्शना, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय भजनी, संजीव गाबा और रामेश्वर गिरि ने किया तो रामदरबार में निकाली गई पदयात्रा के आयोजन में पूर्व मेयर श्रीमती कमलेश बनारसीदास, गुरचरण सिंह, बीरेन्द्र राय और सोनिया की मुख्य भुमिका रही। दोनों पदयात्राओं का नेतृत्व चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने किया। इस मौके पर कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल विशेष रूप से मौजूद रहे।

इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं व क्षेत्रीय लोगों को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल ने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस ​​के रूप में मनाने के लिए भाजपा की कड़ी आलोचना की तथा कहा कि कांग्रेस पार्टी के लगातार प्रयासों और लोगों के भारी समर्थन के कारण ही आजादी के बाद 500 से अधिक रियासतों का अपरिवर्तनीय रूप से भारत में विलय सम्भव हो पाया। कांग्रेस ने ही शक्तिशाली अंग्रेजों से आजादी पाने के लिए लगातार लड़ाई लड़ी और निस्वार्थ भाव से बलिदान दिए, जिसकी सारी दुनिया आज तक प्रशंसा करती है। दूसरी ओर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और हिंदू महासभा जैसे संगठनों ने हमेशा स्वतंत्रता के संघर्ष का विरोध किया और देश में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने के लिए अंग्रेजों का साथ दिया।

पाकिस्तान के निर्माण से जुड़ी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं को सहस्राब्दी की सबसे बड़ी त्रासदी बताते हुए बंसल ने कहा कि विभाजन के दौरान हुई विनाशकारी घटनाएं बिना किसी शक के वास्तव में यह दिखाती हैं कि आर.एस.एस. किस हद तक समाज में सांप्रदायिक जहर फैला सकता है। उन्होंने कहा कि आर.एस.एस और उसके राजनीतिक विंग भाजपा के साम्प्रदायिक और जनविरोधी अतीत को देखते हुए लोकतंत्र, संविधान एवं आधुनिक भारत की अवधारणा को कमजोर करने के उद्देश्य से उनके द्वारा संचालित उनके भयावह मंसूबों को हराने के लिए लोग आगे आएं।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ कांग्रेस हमेशा उन लोगों की पीड़ा को कम करने का प्रयास करती रहेगी, जो पिछले 7 वर्षों के दौरान भाजपा के कुशासन और भ्रष्टाचार से त्रस्त हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि शहर के अतीत के गौरव को बहाल करने के लिए वर्तमान में चंडीगढ़ में सत्ता पर काबिज सांप्रदायिक और भ्रष्ट ताकतों को बाहर करने के लिए शांतिपूर्ण संघर्ष के लिए तैयार रहें।

error: Content can\\\'t be selected!!