चंडीगढ़ नगर निगम पर रेहड़ी-फड़ी वालों को परेशान करने का आरोप, पूर्व मेयर कमलेश ने भाजपा को भी घेरा, जानिए क्या दी चेतावनी

CHANDIGARH: चंडीगढ़ की पूर्व मेयर एवं प्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ नेता श्रीमती कमलेश बनारसीदास ने मौलीजागरां और धनास में नगर निगम द्वारा रेहड़ी-फड़ी वालों को परेशान किए जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा को भी इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि शहर में रेहड़ी-फड़ी वालों को परेशान करना बंद न किया गया तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर इसका कड़ा विरोध करेगी।

मनमोहन सिंह सरकार ने रेहड़ी-फड़ी एक्ट किया था पास

पूर्व मेयर एवं प्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ नेता श्रीमती कमलेश बनारसीदास ने कहा कि कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के कहने पर मनमोहन सिंह सरकार ने रेहड़ी-फड़ी एक्ट पास कर इस एक्ट के तहत चंडीगढ़ में सभी रेहड़ी-फड़ी वालों को लाइसेंस दिया और लाइसेंस फीस लेकर उनको जगह आवंटित करने का नियम बनाया था। उसी नियम के तहत चंडीगढ़ नगर निगम ने शहर में सभी रेहड़ी-फड़ी वालों को लाइसेंस दिए और लाइसेंस फीस ली। उनको जगह निर्धारित करने के बाद उनसे पैसे भी लिए गए लेकिन आज भाजपा शासित नगर निगम इन गरीब लोगों को परेशान कर रहा है। पैसे लेकर भी उनको उजाड़ने का काम किया जा रहा है। कांग्रेस इसकी घोर निंदा करती है।

भाजपा को देना पड़ेगा सवालों का जवाब

श्रीमती कमलेश बनारसीदास ने कहा कि जब सरकार व नगर निगम ने लाइसेंस दिया है तो अधिकारी क्यों गरीब रेहड़ी-फड़ी वालों को परेशान करने पर तुले हैं ? उन्होंने भाजपा पर इसमें मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि आज चंडीगढ़ नगर निगम की सत्ता पर भाजपा काबिज है लेकिन क्या कारण है कि भाजपा नेता भी इस मामले में चुप्पी साधे हुए हैं तथा अधिकारियों की मनमानी व गरीब रेहड़ी-फड़ी वालों को उजड़ते हुए मौन होकर देख रहे हैं ? श्रीमती कमलेश बनारसीदास ने कहा कि आज नहीं तो कुछ महीनों बाद भाजपा को नगर निगम चुनाव में इन सवालों का जवाब देना पड़ेगा और शहर की गरीब जनता भी भाजपा को नगर निगम से चलता कर देगी। उन्होंने निगम प्रशासन को भी चेतावनी देते हुए कहा कि गरीब रेहड़ी-फड़ी वालों को परेशान कर रहे अधिकारियों पर तुरंत कार्रवाई की जाए, नहीं तो कांग्रेस पार्टी सड़क पर उतरकर इसका विरोध करेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!