चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव: भाजपा उम्मीदवारों की पहली सूची थोड़ी देर में, कांग्रेस कल करेगी जारी

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नामांकन की अंतिम तिथि नजदीक आते ही भाजपा और कांग्रेस में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई है। पूरे शहर की नजर भाजपा व कांग्रेस उम्मीदवारों की घोषणा पर टिकी हुई है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट आज रात यानी कुछ ही देर में जारी करने जा रही है, जबकि कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची वीरवार को यानी कल जारी होगी। आम आदमी पार्टी इन सबसे पहले ही अपने पहली लिस्ट में 26 वार्डों के उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।

सेक्टर-33 स्थित भाजपा कार्यालय कमलम में आज सुबह से ही भाजपा उम्मीदवारों के चयन पर मंथन चल रहा है। चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, पूर्व सांसद सत्यपाल जैन के अलावा नगर निगम चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े व सह प्रभारी देर शाम तक उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श करते रहे। अंतत: फैसला हुआ है कि आज सभी 35 सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा के बजाय उम्मीदवारों की पहली आंशिक सूची जारी की जाए। अभी तक पहली सूची में करीब 25 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की उम्मीद जताई जा रही है। ऐन मौके पर इस संख्या में भी फेरबदल हो सकता है। उधर, कांग्रेस ने भी अपने उम्मीदवारों की पहली सूची पर मंथन पूरा कर लिया है। बताया जाता है कि कांग्रेस वीरवार को अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करेगी। 

error: Content can\\\'t be selected!!