चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने छठवें नए जिले की कमान सतिंदर सिंह को सौंपी, पुराने 5 जिलों का किया नामकरण, क्षेत्र भी बदले

CHANDIGARH: भारतीय जनता पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने पार्टी प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम की सहमति से नगर निगम चुनाव-2021 के मद्देनजर संगठन का पुनर्गठन करते हुए शहर में अब संगठनों को 6 जिलों में बांट दिया है। सूद ने छठवें नए जिले शहीद भगत सिंह नगर का अध्यक्ष सतिंदर सिंह को नियुक्त किया है। इस जिले में नए परिसीमन के अनुसार वार्ड नंबर 1, 2, 3, 13, 14, 15, एवं 16 शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि नगर निगम के 2021 में होने वाले चुनाव के लिए शहर में वार्ड 26 से बढ़कर 35 हो गए हैं। इससे पूर्व भाजपा ने 5 जिला अध्यक्ष घोषित किए थे लेकिन अब वार्डों के नए परिसीमन के बाद उनके भी क्षेत्र में परिवर्तन हो गया है और जिले का नामकरण भी किया गया है। अब डॉ. भीमराव अंबेडकर जिले के अध्यक्ष रविंदर पठानिया होंगे, जिसमें वार्ड नंबर 25, 26, 27, 28 ,29 एवं 30 शामिल हैं। भारत रत्न अटल नगर के जिला अध्यक्ष राजिंदर शर्मा होंगे, जिसमें वार्ड 23, 24, 31, 32, एवं 35 शामिल हैं। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर जिले के अध्यक्ष नरेश पांचाल होंगे, जिसमें वार्ड नंबर 19, 20, 21, 22, 33 एवं 34 शामिल हैं। पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर जिले के अध्यक्ष मुनीष भसीन मनु होंगे. जिसमें वार्ड नंबर 4, 5, 6, 7, 8, एवं 9 शामिल हैं। रानी लक्ष्मी बाई नगर जिले के अध्यक्ष जतिंदर मल्होत्रा होंगे, जिसमें वार्ड नंबर 3, 10, 11, 12, 17 एवं 18 शामिल होंगे।

शहीद भगत सिंह नगर के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सतिंदर सिंह किसान परिवार से संबंध रखते हैं। वे वर्तमान में सारंगपुर की पेंडू विकास कमेटी के सक्रिय सदस्य हैं। इससे पूर्व सतिंदर सिंह भाजपा किसान मोर्चा में विगत समय से उपाध्यक्ष का दायित्व निर्वहन कर रहे हैं। उनके पिता स्वर्गीय गुरनाम सिंह भी ख्यातिप्राप्त समाज सेवक थे और उन्होंने गाँव के सरपंच रहते हुए विभिन्न विकास कार्य करवाए। वे जिला परिषद् के वाईस चेयरमैन भी रहे और कोआपरेटिव बैंक चंडीगढ़ के डायरेक्टर भी रहे हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!