सोनिया गांधी पर ED की कार्रवाई के विरोध में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने किया सत्याग्रह

मोदी सरकार अलोकतांत्रिक व तानाशाही चरित्र की परिचायक बनी: एचएस लक्की

CHANDIGARH, 26 JULY: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई के विरोध में आज यहां चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने सैक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन के सामने शांतिपूर्ण सत्याग्रह किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अपने विरोधियों के विरुद्ध राजनीतिक प्रतिशोध की भावना के चलते असहिष्णु मोदी सरकार कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को झूठे और बेबुनियाद मामलों में फंसाने के लिए अवांछनीय जोड़तोड़ कर रही है।

इस मौके पर सत्याग्रह की भावना को याद करते हुए मौन बैठे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत के गौरवशाली स्वतंत्रता संग्राम का स्मरण किया, जिसने सत्याग्रह की ताकत से विदेशी साम्राज्यवादी ताकतों के साथ-साथ फासीवादी तत्वों को भी मात दी थी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने कहा कि मोदी सरकार अपनी चौतरफा विफलताओं से लोगों का ध्यान हटाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को प्रताड़ित करने के लिए दुरुपयोग कर रही है। यह मोदी सरकार के अलोकतांत्रिक एवं तानाशाही चरित्र का परिचायक है।

लक्की ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नेशनल हेराल्ड समाचार पत्र को राहुल गांधी द्वारा पुनर्जीवित करने की एक सफल कोशिश की गई, जो उस भारतीय जनता पार्टी के लिए असहनीय हो गया, जिसके पूर्वज आज़ादी की लड़ाई के दौरान अंग्रेजों का साथ दे रहे थे। उन्होंने कहा कि जब देश गुलामी की बेड़ियों को तोड़ने के लिए लड़ रहा था, तब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, हिन्दू महासभा और मुस्लिम लीग अंग्रेजों के साथ मिलकर अलग ही मनसूबे बना रहे थे।

लक्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सत्याग्रह की ताकत से देश के लोगों को एक झन्डे के नीचे लाने मे कामयाब हो पाई, जिसके कारण अंग्रेजों को हमारी पवित्र धरती से खदेड़ा जा सका। अब उसी तरीके से भीतर घातकर रही उन सभी फासीवादी ताकतों से लड़ने का समय आ गया है जो संविधान को कमजोर करने और संविधान निर्माताओं की विरासत को समाप्त करने के अपने प्रयासों में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं।
कांग्रेस के आज के सत्याग्रह में प्रदेश, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस समितियों के पदाधिकारियों के अलावा युवा कांग्रेस एवं पार्टी के अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के नेताओं ने भी भाग लिया।

error: Content can\\\'t be selected!!