चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला कोरोना पॉजिटिव, घर में हुए आइसोलेट, 9 दिन पहले लगवाया था टीका

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद चावला ने खुद को घर में ही आइसोलेट कर लिया है। डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर रख रहे हैं। चावला के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद प्रदेश कांग्रेस के उन तमाम नेताओं में हड़कंप मच गया है, जो पिछले दो-तीन दिनों में उनके संपर्क में आए हैं। बता दें कि 9 दिन पहले ही सुभाष चावला ने कोरोना वैक्सीन का पहला टीका भी लगवाया था।

तीन दिन से था बुखार

बताया जाता है कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला पिछले करीब तीन दिन से बुखार से पीड़ित थे। दो दिन पहले उन्होंने अपने सभी साथियों को दो दिन आराम करने की सूचना दी थी। इसके बाद एहतियातन उन्होंने खुद को सेक्टर-23 स्थित अपने घर में क्वारंटाइन कर लिया था लेकिन बुखार ज्यादा होने पर उन्होंने कल अपना कोरोना टैस्ट कराया, जिसकी रिपोर्ट आज दोपहर को मिली। इस रिपोर्ट में सुभाष चावला को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसके बाद डॉक्टरों की सलाह पर वह फिलहाल अपने घर में आइसोलेट हो गए हैं। डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।

16 मार्च को लगवाया था कोरोना वैक्सीन का टीका

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला व उनकी पत्नी ने गत 16 मार्च को एक प्राइवेट अस्पताल में कोरोना वैक्सीन का पहला टीका लगवाया था। इसके बाद वह रुटीन की तरह पार्टी की गतिविधियों में व्यस्त हो गए थे। इसी दौरान चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी एवं उत्तराखंड के पू्र्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का चंडीगढ़ दौरा हुआ। रावत ने प्रदेश कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक भी की। इसके बाद रावत के साथ सुभाष चावला व अन्य कांग्रेस नेताओं ने गढ़वाल सभा चंडीगढ़ के कार्यक्रम में भी भाग लिया था। बाद में हरीश रावत भी कोरोना की चपेट में आ गए। टैस्ट कराने पर हरीश रावत व उनके परिवार के सदस्य भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए। अब चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला के कोरोना पॉजिटिव हो जाने से पिछले दिनों साथ रहे अन्य कांग्रेस नेताओं॔ में भी हड़कंप की स्थिति है।

error: Content can\\\'t be selected!!