चंडीगढ़ व्यापार मंडल ने लखनऊ की तालकटोरा रोड श्याम बिहारी मिश्रा के नाम करने का किया स्वागत, व्यापारियों के मसीहा को सच्ची श्रद्धांजलि बताया

CHANDIGARH: नगर महापालिका लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया द्वारा तालकटोरा रोड का नाम व्यापारियों का मसीहा कहे जाने वाले और देश में व्यापार मंडल के संस्थापक स्वर्गीय श्याम बिहारी मिश्रा के नाम पर रखने का चंडीगढ़ व्यापार मंडल ने जोरदार स्वागत किया है। चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष चिरंजीव सिंह और संरक्षक एवं मुख्य प्रवक्ता दिवाकर साहूजा ने कहा कि महापौर संयुक्ता भाटिया ने यह नामकरण कर देशभर के व्यापारियों का मान बढ़ाया है।यह व्यापारियों के मसीहा को सच्ची श्रद्धांजलि है।

चंडीगढ़ व्यापार मंडल को भी दी नई ऊंचाई

चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष चिरंजीव सिंह और संरक्षक एवं मुख्य प्रवक्ता दिवाकर साहूजा ने एक बयान में कहा कि स्वर्गीय श्याम बिहारी मिश्रा जैसे व्यापारी नेता को यह सम्मान मिलना हर व्यापारी तथा व्यापार मंडल के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि मिश्रा ने देश में व्यापारी शक्ति को नई पहचान दिलाई। चंडीगढ़ में व्यापार मंडल के संस्थापक प्रधान इंदरलाल बत्रा ने चंडीगढ़ के तमाम व्यापारियों को श्याम बिहारी मिश्रा के साथ जोड़ा व मिश्रा ने चंडीगढ़ व्यापार मंडल के कई महत्वपूर्ण आंदोलनो में अपनी हुंकार से जान डाली और चंडीगढ़ व्यापार मंडल को नई ऊंचाई दी। चिरंजीव सिंह तथा दिवाकर साहूजा ने कहा कि कई बार सांसद चुने गए श्याम बिहारी मिश्रा एक दबंग व निष्ठावान व्यापारी नेता के रूप में हमेशा याद किए जाते रहे हैं और किए जाते रहेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!