2023 में चंडीगढ़ गारबेज-फ्री सिटी बनेगा, क्राफ्ड सहित सभी आरडब्लूए के साथ सामंजस्य से चलेगा चंडीगढ़ नगर निगम: मेयर अनूप गुप्ता

चंडीगढ़ के बारे में जितना स्थानीय पार्षद बेहतर सोच सकते हैं, उतना बाहर से आए सरकारी अफसर नहींः सौरभ जोशी

CHANDIGARH, 5 MARCH: रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के महासंगठन क्राफ्ड की एग्जीक्यूटिव मीटिंग आज सैक्टर-15 के कम्युनिटी सेंटर में हुई, जिसमें प्रमुखता से सफाई, स्ट्रीट वेंडर तथा घरों से कूड़ा उठाने का मुद्दा उठाया गया। इस मीटिंग में मुख्य अतिथि के तौर पर मेयर अनूप गुप्ता, विशिष्ट अतिथि पार्षद सौरभ जोशी, स्थानीय पार्षद व मनोनीत पार्षद उमेश घई तथा महिंदर कौर भी मौजूद रहे। इस दौरान नगर निगम से संबंधित समस्याएं उनके सामने रखी गईं। इस दौरान क्राफ्ड के सभी मनोनीत व चयनित पदाधिकारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। क्राफ्ड के चेयरमैन हितेश पुरी ने कहा कि प्रशासन और नगर निगम को शहर के हित में लिए जाने वाले फैसलों में आरडब्लूए की सहभागिता को अनिवार्य करना होगा, ताकि उन्हें अपने द्वारा लिए गए फैसले विपरीत परिस्थितियों में वापस न लेने पड़ें। पुरी ने मेयर से कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में हमारा प्रतिनिधित्व प्रशासन में किया जाना बहुत जरूरी है।

एरिया पार्षद सौरभ जोशी ने क्राफ्ड के पदाधिकारियों व मेयर का स्वागत करने के बाद कहा कि आज चंडीगढ़ के निवासियों को आने वाले कल के चंडीगढ़ पर विचार करना होगा। चंडीगढ़ के बारे में जितना स्थानीय पार्षद बेहतर सोच सकते हैं, उतना बाहर से आए सरकारी अफसर नहीं सोच सकते। इन अफसरों को शहर के लोगों की भावनाओं से कोई संबंध नहीं है। इस मामले में क्राफ्ड को एक सशक्त दबाव समूह होने के नाते नगर निगम के पार्षदों का साथ देना चाहिए, ताकि अफसर अपनी मनमर्जी न कर सकें।

सौरभ जोशी ने कहा कि चंडीगढ़ के बाइलॉज में परिवर्तन किया जाना बहुत जरूरी है। उन्होंने सुझाव दिया कि 2050 में चंडीगढ़ का परिदृश्य कैसा हो, इस विजन पर सबको काम करना चाहिए। डा. अनीश‌ गर्ग महासचिव ने मंच संचालन के दौरान अपनी कविता के माध्यम से चंडीगढ़ के निवासियों की आदतों पर तंज कसा, ‘चलती गाड़ी में खाएंगे, कचरा सड़क पर फैलाएंगे पर बात पक्की है कि स्मार्ट सिटी बनाएंगे।’ उन्होंने कहा कि वेंडर्स की समस्या का एकमात्र हल यह है कि शहर के चारों कोनों में रांची की अटल मार्केट की तर्ज पर इनके लिए बाजार बनाया जाए। रजत मल्होत्रा महासचिव ने रेजिडेंट्स की मांगों को लेकर ज्ञापन महापौर के सामने पढ़ा।‌ साथ ही कुछ शिकायतों से रू-ब-रू करवाया। अन्य प्रतिनिधियों में विनीत चौहान, तरसेम शर्मा, जोगिंदर सिंह, एनके झिंगन, सुप्रिया गोयल ने भी अपने विचार रखे। 

सभी के विचार सुनने के बाद मेयर अनूप गुप्ता ने कहा कि आज जितने भी मुद्दे मेरे सामने रखे गए हैं, उन्हें 3 महीने के अंदर हल करने का भरसक प्रयत्न करूंगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि नवंबर के अंत तक डंपिंग ग्राउंड पूरी तरह से साफ कर दिया जाएगा और दो-तीन महीने में स्वच्छता की एक नई ऐप आने वाली है, जिसके तहत लोगों को घर बैठे पता लग जाएगा कि कूड़ा उठाने वाली गाड़ी कब आ रही है और अगर लेट है तो उसकी वजह क्या है। रेजीडेंटस के द्वारा उठाई गई एक समस्या के तहत उन्होंने कहा कि मेरे संज्ञान में है कि सेक्टर-25 की गौशाला में एनजीओ सही तरह से कार्य नहीं कर रही और अगर क्राफ्ड चाहे तो हम उन्हें भी यह गौशाला सौंपने पर विचार कर सकते हैं। उन्होंने प्रस्ताव दिया कि क्राफ्ड से जुड़ी सभी आरडब्ल्यूए को तीन-तीन सदस्यों की कमेटी का गठन करना चाहिए, जो हर मुद्दे पर स्थानीय पार्षद के साथ मिलकर हर समस्या के निवारण की रुपरेखा तैयार करे। मेयर ने कहा कि नगर निगम क्राफ्ड सहित सभी आरडब्लूए के साथ सामंजस्य से चलेगा। वर्ष 2023 में चंडीगढ़ गारबेज-फ्री सिटी बन जाएगा। इस बैठक में संरक्षक विंग कमांडर एनएस मल्ही, मेजर डीपी सिंह, उप चेयरमैन राजेश राय, केएल सचदेवा भी उपस्थित रहे। मनोनीत पार्षद एवं क्राफ्ड के वरिष्ठ उप चेयरमैन उमेश घई ने सबका धन्यवाद व्यक्त किया।

error: Content can\\\'t be selected!!