चंडीगढ़ युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन के जरिए उजागर की शहर की सड़कों की असली तस्वीर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने भी प्रशासन व नगर निगम की कार्यप्रणाली की आलोचना की

CHANDIGARH, 6 AUGUST: चंडीगढ़ प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मनोज लुबाना के नेतृत्व में आज युवा कांग्रेसियों ने चंडीगढ़ में सड़कों की खराब हालत पर सिटी ब्यूटीफुल की असली तस्वीर को उजागर करने के लिए विरोध प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर लुबाना ने कहा कि आज पूरे चंडीगढ़ में और मुख्य सड़कों पर भी कई जगह गड्ढे नजर आ रहे हैं। राहगीर तथा वाहन चालकों को इन गड्ढों के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं तथा इन गड्ढों के कारण सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ की खूबसूरती पर धब्बा लग रहा है लेकिन केंद्र में बैठी भाजपा सरकार तथा प्रशासन इन्हें ठीक कराने में विफल है। लुबाना ने केंद्र सरकार और नगर निगम चंडीगढ़ के खिलाफ गहरा रोष व्यक्त किया।

लुबाना ने कहा कि हम सरकार तथा चंडीगढ़ प्रशासन से मांग करते हैं कि इन गड्ढों को जल्द से जल्द भरा जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि 2014 हो या 2019, बीजेपी सरकार ने लोकसभा चुनाव में वायदा किया था कि हम चंडीगढ़ को गड्ढा मुक्त बनाएंगे लेकिन अब 2023 में भी सच्चाई सबके सामने है।

लुबाना ने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भी उनका वायदा याद दिलाने की जरूरत, जिसमें उन्होंने कहा था कि 2024 से पहले चंडीगढ़ की सड़कें अमेरिका की सड़कों से बेहतर होंगी। लुबाना ने कहा कि भाजपा नेताओं के कहने और करने में अंतर है। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने चंडीगढ़ के आम लोगों से अपील की कि वे भी सड़कों पर अपना विरोध दर्ज कराएं, ताकि सरकार व प्रशासन नींद से जाग जाए।

इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने भी चंडीगढ़ प्रशासन और नगर निगम की कार्यप्रणाली की आलोचना की। लक्की ने कहा कि प्रशासन व नगर निगम मानसून के मौसम से पहले स्थिति का आकलन करने में विफल रहे और परिणामस्वरूप पिछले दिनों बारिश ने चंडीगढ़ में बहुत तबाही मचाई। कॉलोनियां पानी में डूब गईं, सड़कें टूट गईं और पुल बह गए, जिससे चंडीगढ़ के स्मार्ट सिटी होने का दावा ध्वस्त हो गया। उन्होंने अधिकारियों को मानसून सीजन के लिए भविष्य में बेहतर तैयारी करने की सलाह दी। विरोध प्रदर्शन के दौरान दीपा दुबे, हरमन जस्सर, मनीष राय, अनिमेष और अंश उपाध्याय भी मौजूद थे।

error: Content can\\\'t be selected!!