अपने भाग्यांक में ही नई कुर्सी पर बैठेंगे चावला: ताजपोशी समारोह को भव्य बनाने की तैयारी, जानिए संगठन को लेकर क्या कहा चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष सुभाष चावला एक बार फिर अपने भाग्यांक में ही कार्यभार ग्रहण करेंगे। वह 21 फरवरी को प्रदेश प्रधान की कुर्सी पर बैठेंगे। इस दिन को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के इतिहास में यादगार बनाने के लिए चावला समर्थक जोरशोर से तैयारियां कर रहे हैं। इस मौके पर चंडीगढ़ ही नहीं, बल्कि पंजाब व हरियाणा के बड़े कांग्रेस नेताओं समेत पार्टी के कुछ केंद्रीय नेताओं के भी मौजूद रहने की संभावना है।

भाग्यांक 3 है सुभाष चावला का
बता दें कि दो बार चंडीगढ़ के मेयर रहे वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुभाष चावला के सियासी जीवन में 3 का अंक और मंगलवार का दिन हमेशा लकी रहा है। उन्होंने जब भी कोई बड़ा राजनीतिक पद संभाला या चुनाव जीता तो उस दिन 3 के अंक और मंगलवार का उसमें जरूर जुड़ाव रहा। इस बार भी जब सुभाष चावला को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की कमान मिली तो उस दिन भी मंगलवार ही था। साथ ही 3 के अंक का भी खास जुड़ाव रहा। इस पर हम गत 10 फरवरी को विस्तार से जानकारी दे चुके हैं। ?

बेहद दिलचस्प: 3 की तिकड़म और मंगल कर रहा चावला का मंगल ही मंगल, अब क्या गुल खिलाएगा इस बार का चुनावी दंगल

पहले मंगलवार को कार्यभार संभालना चाहते थे चावला
अब चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी पर औपचारिक रूप से बैठने के लिए सुभाष चावला ने पहले 16 फरवरी की तिथि चुनी थी। इस दिन मंगलवार है लेकिन चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल इस दिन चंडीगढ़ में मौजूद रहने में असमर्थ थे। इस दिन यह दोनों ही नेता दिल्ली में व्यस्त हैं। इसके अलावा कुछ अन्य व्यक्तिगत कारण भी आड़े आ गए थे। ऐसे में दोनों से विचार-विमर्श के बाद अब चावला ने अपना नया कार्यभार ग्रहण करने के लिए 21 फरवरी का दिन तय किया है। इस दिन रविवार है और हरीश रावत व पवन बंसल ने भी इस दिन कार्यक्रम में उपस्थित रहने की स्वीकृति दे दी है। संयोग से 21 तारीख का जोड़ भी 3 है, जो कि सुभाष चावला का सियासी भाग्यांक है।

जोरशोर से की जा रहीं तैयारियां
सुभाष चावला के ताजपोशी समारोह के लिए पार्टी में तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। चावला समर्थक इस दिन को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के इतिहास में यादगार बना देना चाहते हैं। लिहाजा, इस मौके पर कांग्रेसजनों की खासी भीड़ ही नहीं, बल्कि समारोह की भव्यता भी देखने को मिल सकती है। इस समारोह में पड़ोसी राज्यों पंजाब व हरियाणा के बड़े कांग्रेस नेताओं के अलावा पार्टी के कुछ केंद्रीय नेताओं के भी मौजूद रहने की संभावना है।

पार्टी के लिए समर्पित हर कार्यकर्ता मेरे लिए महत्वपूर्ण: चावला
चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने 21 फरवरी को सेक्टर-35 स्थित पार्टी कार्यालय में नया कार्यभार ग्रहण करने की पुष्टि करते हुए बताया कि पार्टी के सभी नेता व कार्यकर्ता इस कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी में पूरी तन्मयता से लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि पूरी पार्टी इस बार के नगर निगम चुनाव में भाजपा को करारी शिकस्त देने के लिए उत्साहित और एकजुट है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बहुत बड़ा परिवार है। परिवार में कुछेक सदस्यों का किसी बात को लेकर रूठ जाना स्वाभाविक सी बात है। इसे असंतोष नहीं कहा जा सकता है। प्रदेश संगठन मुखिया के नाते वह (सुभाष चावला) सभी को साथ लेकर चलेंगे। पार्टी के लिए समर्पित हर कार्यकर्ता उनके लिए महत्वपूर्ण है। चावला ने कहा कि औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने के बाद वह शीघ्र नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा करेंगे। इसकी रूपरेखा लगभग तैयार कर ली गई है। 21 फरवरी के बाद पूरी पार्टी नए जोश और उत्साह के साथ जमीनी स्तर तक एकजुटता से उतरेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!