सीएम को मिले उपहार नीलामः मुख्यमंत्री मनोहर लाल की 3D प्रिंटेड प्रतिमा की लगाई गई 21 लाख रुपए बोली

मुख्यमंत्री को मिले उपहारों की नीलामी के लिए शुरू किए गए पोर्टल को मिला जबरदस्त रिस्पांस, पोर्टल पर नीलामी के लिए रखे गए कुल 51 उपहारों को मिला 1 करोड़ 14 लाख 95 हजार रुपए डोनेशन

CM’s gifts auctioned CHANDIGARH, 5 MARCH:  खुद को मिले उपहारों को नीलाम कर उससे मिले डोनेशन को जन कल्याण के कार्यों में लगाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के विचार से प्रेरित होकर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल (Haryana Chief Minister Manohar Lal) द्वारा बनवाए गए उपहार पोर्टल को भी जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। हरियाणा में पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने यह कार्य किया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल को मिले उपहारों की नीलामी से प्राप्त डोनेशन को समाज की भलाई के लिए ही खर्च किया जाएगा। इस उपहार पोर्टल पर नीलामी के लिए रखे गए कुल 51 उपहारों के जरिए 1 करोड़ 14 लाख 95 हजार रुपए डोनेशन मिला है।

मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव व सूचना, जनसम्पर्क भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की थ्री डी प्रिंटेड प्रतिमा की 21 लाख रुपए बोली लगाई गई, जबकि अर्जुन रथ की आकृति को 6 लाख 41 हजार रुपए, कामाख्या देवालय की आकृति को 5 लाख 80 हजार रुपए और श्रीराम जन्म भूमि मंदिर की प्रतिमा के लिए 1 लाख 75 हजार रुपए बोली लगाई गई है। उन्होंने कहा कि इन उपहारों से प्राप्त धनराशि मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा होगी और इसे जन कल्याण के कार्यों पर खर्च किया जाएगा।  

डॉ. अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान सामाजिक संस्थाओं या व्यक्तियों द्वारा सम्मान स्वरूप भेंट किए गए उपहारों को नीलाम करने का निर्णय लिया था। मनोहर लाल की इस पहल के बाद मुख्यमंत्री उपहार पोर्टल लॉन्च किया गया और पहले चरण में 28 फरवरी तक 51 उपहारों की नीलामी की गई। मुख्यमंत्री उपहार पोर्टल पर हर उपहार के साथ उसकी बेस राशि अंकित की गई थी। उन्होंने बताया कि पहले चरण की नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही मुख्यमंत्री स्वयं बोलीदाताओं को उपहार ससम्मान भेंट करेंगे। हालांकि यदि बोलीदाता चाहे तो वह उपहार कोरियर से भी प्राप्त कर सकता है।

error: Content can\\\'t be selected!!