चंडीगढ़ में लॉकडाउन पर कांग्रेस ने स्पष्ट किया अपना स्टैंड, शहर में कल लॉकडाउन लगाने के फैसले को भी बताया पूरी तरह गलत

अपने वरिष्ठ पार्षद देविंदर सिंह बबला की मांग का समर्थन नहीं करती चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस

CHANDIGARH: शहर में लॉकडाउन को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज अपना स्टैंड स्पष्ट कर दिया। प्रदेश कांग्रेस ने कल राम नवमी के अवसर पर लॉकडाउन लगाने के भी चंडीगढ़ प्रशासन के फैसले को पूर्ण रूप से गलत बताया है। इससे जाहिर है कि कल नगर निगम में विपक्ष के नेता व कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद देविंदर सिंह बबला द्वारा प्रशासन से शहर में कंपलीट लॉकडाउन लगाने के लिए की गई मांग से कांग्रेस पार्टी कोई इत्तेफाक नहीं रखती, न ही बबला की मांग का समर्थन करती है।

पूर्ण लॉकडाउन कोविड समस्या का कोई समाधान या बचाव नहीं

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की तरफ से मुख्य प्रवक्ता एचएस लक्की ने आज एक बयान जारी कर कहा कि पूर्ण लॉकडाउन कोविड समस्या का कोई समाधान या बचाव नहीं है, बल्कि सभी लोग, ख़ास तौर पर आम नागरिक, की जीविका को यह बुरी तरह प्रभावित करता है। समाज में बड़ी संख्या में वह लोग हैं, जिनमें दिहाड़ीदार मजदूर, रेहड़ी-फड़ी से छोटा सामान बेचने वाले, छोटे व्यवसायी या व्यापारी आदि, जो एक दिन की भी कमाई के बगैर उस दिन खाना नहीं खा सकते। लक्की ने कहा कि कोविड का समाधान लॉकडाउन नहीं, बल्कि बचाव, कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग, वैक्सीन और सही इलाज- दवा, ऑक्सीजन है। प्रशासन द्वारा लॉकडाउन लगाना पहले लापरवाही व असावधानी और फिर घबराहट को दर्शाता है।

रामनवमी पर लॉकडाउन लगाए जाने पर अपना स्टैंड स्पष्ट करे भाजपा

एचएस लक्की ने कहा कि केंद्र सरकार ने कोरोना से लोगों के बचाव के लिए अक्तूबर से मार्च तक का अमूल्य समय खो दिया। उस नुकसान की भरपाई किसी लॉकडाउन से नहीं हो सकती। आज के समय में प्रशासन लॉकडाउन लगाकर सिर्फ अपनी विफलता का प्रमाण दे रहा है। लक्की ने राम नवमी के दिन लॉकडाउन लगाए जाने पर भारतीय जनता पार्टी से अपना स्टैंड स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राम नवमी के दिन लॉकडाउन लगाकर प्रशासन ने बहुत गलत संदेश दिया है। अच्छा होता कि प्रशासन आस्था के इस पर्व के दौरान मंदिर कमेटियों के साथ मिलकर कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए यह दिन सावधानी से मनाने का रास्ता निकालता।

आपदा में अवसर न खोजें असामाजिक तत्व

लक्की ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी किसी भी तरह के लॉकडाउन के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा दवाओं की बिक्री में की जा रही कालाबाजारी का मुद्दा भी उठाया और कहा कि प्रशासन ये सुनिश्चित करे कि ऐसे तत्व आपदा में अवसर न खोजें।

error: Content can\\\'t be selected!!