चंडीगढ़ में कल कंपलीट लॉकडाउन, प्रशासन ने किया फैसला, पंचकूला खुला रहेगा

CHANDIGARH: आखिरकार कल रामनवमी के मौके पर चंडीगढ़ में संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। प्रशासक वीपी सिंह बदनौर की अध्यक्षता में हुई कोविड वार रूम की मीटिंग में यह फैसला किया गया है। यह लॉकडाउन आज रात से ही लागू हो जाएगा। इस बीच, प्रशासन ने नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत यूटी चंडीगढ़ में राम नवमी पर सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है। इस बीच, चंडीगढ़ में आज कोरोना के 602 नए मरीज सामने आए हैं, जबकि चार लोगों की मौत हो गई है।

गौरतलब है कि कोरोना के मौजूदा हालात में रामनवमी के मौके पर धार्मिक स्थानों समेत अन्य जगहों पर जुटने वाली भीड़ को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन चंडीगढ़ के साथ पंचकूला व मोहाली में भी लॉकडाउन लगाने के मूड में था। क्योंकि चंडीगढ़ को ट्राइसिटी के हिस्से पंचकूला व मोहाली के बगैर अकेले बंद नहीं किया जा सकता। इसलिए चंडीगढ़ के प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने पंचकूला के लिए हरियाणा व मोहाली के लिए पंजाब सरकार से अनुरोध किया था।

मोहाली जैसे हालात पंचकूला व चंडीगढ़ में नहीं

इस पर पंजाब सरकार ने तो कल ही मोहाली में बुधवार को लॉकडाउन का ऐलान कर दिया, क्योंकि मोहाली में कोरोना के हालात भी ज्यादा खराब हैं। हालांकि मोहाली जैसे हालात पंचकूला व चंडीगढ़ में नहीं हैं। ऐसे में हरियाणा सरकार ने फिलहाल पंचकूला में लॉकडाउन लगाने से इंकार कर दिया है। अब चंडीगढ़ व मोहाली में कल कंपलीट लॉकडाउन रहेगा। प्रशासन शहर में बुधवार को लॉकडाउन के फैसले के लिए पंजाब के बाद हरियाणा सरकार के रुख का इंतजार कर रहा था। यह बात अलग है कि चंडीगढ़ का व्यापारी वर्ग शहर में लॉकडाउन का विरोध कर रहा है।

error: Content can\\\'t be selected!!