महंगे पानी पर मनीमाजरा में कांग्रेस का धरना जारी, राजीव गांधी की पुण्यतिथि भी मनाई

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम द्वारा पानी के रेट्स तीन गुना बढ़ाए जाने के खिलाफ मनीमाजरा स्थित नगर निगम दफ्तर के बाहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अनिश्चितकालीन धरने को आज 12 दिन पूरे हो गए। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गांधी की पुण्यतिथि भी मनाई।

ये लोग बैठे धरने पर

आज मनीमाजरा ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता एसएस परवाना, सुभाष धीमान, ज्ञानी अमर सिंह, शमसुद्दीन, सुभाष चंद ने धरने पर बैठने से पहले राजीव गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस मौके पर चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डीडी जिंदल व भूपिंदर सिंह बड़हेरी भी पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले राजीव गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

जनता पर टैक्स थोपे जा रही भाजपाः सुभाष चावला

धरने को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने कहा कि जब से बीजेपी नगर निगम पर काबिज हुई है, तब से चंडीगढ़ की जनता पर टैक्स पर टैक्स थोपे जा रही है। चावला ने कहा कि अब तक के इतिहास में पूरे भारत मे किसी भी नगर निगम ने सीधे तीन गुना पानी के रेट नहीं बढ़ाए। इसी तरह जो फ्लैट गरीब लोगों के लिए कांग्रेस सरकार ने दिए थे, उसमें कांग्रेस के समय 100 रुपए लिए जाते थे, अब बीजेपी शासित नगर निगम ने 500 , 600 रुपए लेने शुरू कर दिए हैं। इससे लोगों में त्राहि-त्राहि मची हुई है।

भाजपा सरकार व प्रशासन लोगों की जेबें खाली करने में लगे

इस अवसर पर इंटक के अध्यक्ष नसीब जाखड़ व उपाध्यक्ष हरबंस सिंह सैनी भी धरना स्थल पर पहुंचे तथा राजीव गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। साथ ही धरने पर बैठे ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को जूस दिया और फूल माला पहनाई। उन्होंने कहा कि गरीब, मजदूर व आम जनता पर बीजेपी तथा चंडीगढ़ प्रशसन महंगाई की जो मार कर रहा है, वह गलत है। जब शहर कोरोना महामारी का प्रकोप झेल रहा है, तब भाजपा सरकार व प्रशासन लोगों की जेबें खाली करने में लगे हैं।

मनीमाजरा में बांटे मास्क

इस बीच, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्य तिथि पर मनीमाजरा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय भजनी, रामेश्वर गिरि, सुरजीत ढिल्लों, संजीव गाबा, फ़तेह सिंह, शाम सिंह, नेत राम, वसीम मोहम्मद ने घर-घर जाकर मास्क वितरित किए।

error: Content can\\\'t be selected!!