कांग्रेस का पलटवार: बीमार किरण खेर से जताई सहानुभूति लेकिन भाजपा को फिर घेरा, अब मोदी तक पहुंची बात

CHANDIGARH: चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर की गंभीर बीमारी के बारे में प्रदेश भाजपा की ओर से आज खुलासा किए जाने के बाद चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सांसद किरण खेर के साथ पूरी सहानुभूति जताते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है लेकिन जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा को घेर लिया है।

हरमेल केसरी

मोदी चंडीगढ़ की जनता के बारे में क्यों नहीं सोच रहे?

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता हरमेल केसरी ने कहा कि डेढ़ साल से ज्यादा समय से चंडीगढ़ की जनता बार-बार बीजेपी से एक ही सवाल कर रही थी कि सांसद किरण खेर शहर से गायब क्यों हैं लेकिन भाजपा किसी को कोई जवाब नहीं दे रही थी। किरण खेर भी न तो नगर निगम हाउस की मीटिंग अटेंड कर रही थीं और न लोकसभा लेकिन जब कांग्रेस ने यह मुद्दा उठाया तो चंडीगढ़ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष को आज प्रैस कांफ्रैंस कर किरण खेर की बीमारी के बारे में बताना पड़ा। हरमेल केसरी ने कहा कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस को श्रीमती किरण खेर से पूरी सहानुभूति है और हम सब उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं लेकिन हम पूछना चाहते हैं कि जब 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंडीगढ़ आकर यहां की जनता से कहा था कि आपका वोट किरण खेर को नहीं सीधे मुझे जाएगा तो मोदी आज किरण खेर की अनुपस्थिति में चंडीगढ़ के बारे में क्यों नहीं सोच रहे हैं।

मजबूर होकर भाजपा को देनी पड़ी सफाई

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता हरमेल केसरी ने कहा कि चंडीगढ़ में पानी के रेट तीन गुना तक बढ़ा दिए गए, बिजली विभाग का निजीकरण किया  जा रहा है, पूरे चंडीगढ़ की सड़कें गड्ढों में बदल चुकी हैं, पेड पार्किंग के रेट फिर बेतहाशा बढऩे लगे हैं, सफाई व्यवस्था चरमरा चुकी है, केंद्र से नगर निगम को फंड नहीं मिल रहा, लोगों पर टैक्स पर टैक्स थोपे जा रहे हैं। जनता से रोज झूठ बोला जा रहा है। भाजपा कभी प्रशासक से मिलने का तो कभी केंद्र के मंत्रियों से मिलने का ड्रामा कर रही है। केसरी ने कहा कि इन सब मुद्दों को लेकर जब कांग्रेस ने शहर में जगह-जगह आंदोलन और भाजपा पार्षदों को उन्हीं के वार्ड में घेरना शुरू किया तो आज मजबूर होकर  बीजेपी अध्यक्ष को श्रीमती किरण खेर की बीमारी के बारे में सफाई देने के लिए सामने आना पड़ा।    

अपनी जेबें भरने में लगे हुए हैं भाजपा नेता  

हरमेल केसरी ने कहा कि जनता बीजेपी के लोकल लीडर्स से निराश हो चुकी है। जनता के काम करवाने की बजाय भाजपा नेता अपनी जेबें भरने में लगे हुए हैं। नगर निगम भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। बीजेपी के पार्षदों की लेन-देन की आडियो-वीडियो सार्वजनिक हो चुकी हैं। केसरी ने कहा कि आज तक डंपिंग ग्राउंड की समस्या का हल नहीं हुआ, डड्डूमाजरा के लोग नरक की जिंदगी काट रहे हैं। बीजेपी के कितने मेयर बनकर चले गए परंतु डंपिंग ग्राउंड की समस्या वैसे ही बनी हुई है। केसरी ने कहा कि बहुत अच्छा होता अगर चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष आज शहर की टूटी हुई सड़कों के बारे में कुछ कहते इंडस्ट्रियल प्लाट्स को कैसे और कब लीज होल्ड से फ्री होल्ड करवाएंगे, इस बारे में बोलते। केसरी ने कहा कि हाऊसिंग बोर्ड के मकानों की समस्या को लेकर भाजपा नेता केंद्रीय मंत्रियों के दफ्तरों के चक्कर लगाकर चंडीगढ़ की जनता को कब तक बेवकूफ बनाएंगे। हरमेल केसरी ने कहा कि पब्लिक सब जानती है और आने वाले नगर निगम चुनाव में वोट की चोट से भाजपा को नगर निगम से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

error: Content can\\\'t be selected!!