चंडीगढ़ में लॉकडाउन पर बंटी कांग्रेस! बबला ने प्रशासक से की शहर में सम्पूर्ण लॉकडाउन की मांग, अपने वरिष्ठ पार्षद के पत्र से पार्टी सकते में

CHANDIGARH: चंडीगढ़ में कोरोना के मौजूदा हालात के बीच जहां वीकेंड लॉकडाउन जैसे प्रशासन के कदम का हर तरफ से विरोध हो रहा है, वहीं आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पार्षद एवं नगर निगम में विपक्ष के नेता देविंदर सिंह बबला ने शहर में संपूर्ण लॉकडाउन की मांग करके सबको चौंका दिया है। खुद प्रदेश कांग्रेस बबला की इस मांग से सकते में आ गई है। कल तक शहर में लॉकडाउन का विरोध कर रही पार्टी का अब क्या स्टैंड है? इस पर असमंजस की स्थिति बन गई है।

कांग्रेस कल तक कर रही थी विरोध

बता दें कि शहर में वीकेंड लॉकडाउन की घोषणा होते ही चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने इसका विरोध शुरू कर दिया था। पार्टी ने अपनी प्रवक्ता गुरबख्श रावत के जरिए मीडिया को बयान जारी कर शहर में लॉकडाउन पर ऐतराज जताया। कांग्रेस ने इस लॉकडाउन को कोरोना रोकने के लिए प्रशासन का निरर्थक प्रयास बताया था। चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष दीपा दुबे ने भी वीकेंड लॉकडाउन का विरोध किया था। यहां तक कि कोरोना संक्रमित हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने तो कल अस्पताल से ही अपनी पार्टी के चारों प्रवक्ताओं से वीकेंड लॉकडाउन के मुद्दे पर वर्चुअल मीटिंग की। चावला ने वीकेंड लॉकडाउन से बने हालात पर चिंता जताते हुए कहा था कि इस लॉकडाउन से लोग परेशान हो रहे हैं। पार्टी के कार्यकर्ता परेशान व जरूरतमंद लोगों की मदद करें।

पत्र पार्टी की अंदरूनी सियासत का हिस्सा!

इस बीच, आज नगर निगम में विपक्ष के नेता देविंदर सिंह बबला ने प्रशासक वीपी सिंह बदनौर को पत्र लिखकर दिल्ली, राजस्थान व अन्य राज्यों की तर्ज पर चंडीगढ़ में भी लॉकडाउन लगाने की मांग कर डाली। कांग्रेस के वरिष्ठ पार्षद बबला ने पत्र में यह भी कहा कि यह लॉकडाउन नहीं लगाया गया तो शहर में हालात ज्यादा खराब हो जाएंगे। अब बबला के इस पत्र को लेकर प्रदेश कांग्रेस खुद सकते में आ गई है। बबला के इस पत्र को लेकर पार्टी क्या रुख अपनाए, इस पर मंथन किया जा रहा है। फिलहाल, इतना जरूर है कि पार्टी के ही कुछ वरिष्ठ नेता इस पत्र को बबला का अपना स्टैंड कम, पार्टी की अंदरूनी सियासत का हिस्सा ज्यादा मान रहे हैं।

इस मामले में कल फीडबैक लेकर टिप्पणी करूंगा: सुभाष चावला

इधर, 26 मार्च को कोरोना संक्रमित हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला को लंबे इलाज के बाद स्वस्थ होने पर आज अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों ने फिलहाल उन्हें घर में ही आराम कर स्वास्थ्य लाभ लेने की सलाह दी है। सुभाष चावला से जब वरिष्ठ कांग्रेसी पार्षद देविंदर सिंह बबला के इस पत्र को लेकर पार्टी के स्टैंड के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह आज रात 9 बजे ही अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर पहुंचे हैं। वह कल इस मामले में पूरा फीडबैक लेकर ही कोई टिप्पणी करेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!