पंचकूला में बुधवार को नहीं लगेगा लॉकडाउन, हरियाणा ने चंडीगढ़ प्रशासन का अनुरोध ठुकराया, चंडीगढ़ में भी अब संभावना कम

CHANDIGARH: रामनवमी के दिन यानी बुधवार को पंचकूला में लॉकडाउन लगाने का चंडीगढ़ प्रशासन का अनुरोध हरियाणा सरकार ने खारिज कर दिया है। बुधवार को अब पंचकूला में लॉकडाउन नहीं लगेगा। इसके बाद चंडीगढ़ में भी बुधवार को लॉकडाउन की संभावना कम हो गई है।

चंडीगढ़ प्रशासन ने हरियाणा व पंजाब से किया था अनुरोध

गौरतलब है कि कोरोना के मौजूदा हालात में रामनवमी के मौके पर धार्मिक स्थानों समेत अन्य जगहों पर जुटने वाली भीड़ को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन चंडीगढ़ के साथ पंचकूला व मोहाली में भी लॉकडाउन लगाने के मूड में था। क्योंकि चंडीगढ़ को ट्राइसिटी के हिस्से पंचकूला व मोहाली के बगैर अकेले बंद नहीं किया जा सकता। इसलिए चंडीगढ़ के प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने पंचकूला के लिए हरियाणा व मोहाली के लिए पंजाब सरकार से अनुरोध किया था।

मोहाली जैसे हालात पंचकूला व चंडीगढ़ में नहीं

इस पर पंजाब सरकार ने तो आज मोहाली में बुधवार को लॉकडाउन का ऐलान कर दिया, क्योंकि मोहाली में कोरोना के हालात भी ज्यादा खराब हैं। मोहाली जैसे हालात पंचकूला व चंडीगढ़ में नहीं हैं। ऐसे में सूत्रों के अनुसार हरियाणा सरकार ने पंचकूला में लॉकडाउन लगाने से इंकार कर दिया है। ऐसे में अब चंडीगढ़ प्रशासन भी बुधवार को शहर में लॉकडाउन लगाने का इरादा बदलता दिख रहा है। प्रशासन शहर में बुधवार को लॉकडाउन के फैसले के लिए पंजाब के बाद हरियाणा सरकार के रुख का इंतजार कर रहा था, जो आज शाम हरियाणा सरकार ने प्रशासन को स्पष्ट कर दिया है। चंडीगढ़ का व्यापारी वर्ग भी शहर में लॉकडाउन का विरोध कर रहा है।

error: Content can\\\'t be selected!!