कांग्रेस ने राजनीतिक व चुनावी गतिविधियों के लिए सेवा भारती परिसर के इस्तेमाल पर जताई कड़ी आपत्ति

इन भूखंडों का आवंटन तुरंत रद्द करें चंडीगढ़ के प्रशासकः अच्छे लाल गौड़

CHANDIGARH, 30 APRIL: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज एनजीओ सेवा भारती पर राजनीतिक और चुनावी उद्देश्यों के लिए अपने परिसर का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि एनजीओ सेवा भारती को जमीन केवल सामाजिक कार्य करने और कोई राजनीतिक कार्य नहीं करने की शर्त पर आवंटित की गई थी लेकिन उसने भाजपा की राजनीतिक व चुनावी गतिविधियों के लिए अपने परिसर का इस्तेमाल करने की परमीशन देकर इस शर्त का खुला उल्लंघन किया है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अच्छे लाल गौड़ ने आज एक बयान जारी कर कहा कि सेवा भारती को सेक्टर-29 में एनजीओ आधारित सेवाओं के लिए एक भूखंड आवंटित किया गया है लेकिन सेवा भारती के अध्यक्ष राजिंदर जैन भाजपा को अपनी राजनीतिक गतिविधियों के लिए इस भूखंड का इस्तेमाल करने की अनुमति दे रहे हैं, जो रिकॉर्ड में है। गौड़ ने आरोप लगाया कि भाजपा की गतिविधियों के लिए सेवा भारती परिसर के इस्तेमाल की अनुमति देने के बदले में राजिंदर जैन को भाजपा सरकारी स्तर पर कई फायदे दिलवा रही है। उन्होंने कहा कि सेवा भारती को इस वचन के साथ भूखंड आवंटित किया गया था कि कोई राजनीतिक गतिविधियां इसमें नहीं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के एक वरिष्ठ नेता को भी सेक्टर-29 में रियायती दर पर प्लॉट आवंटित किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां अवैध रूप से आवास/पार्टिशन बनाया गया है और इसे अवैध रूप से किराए पर भी दिया गया है।’

गौड़ ने कहा कि शहर में चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के पैंसठ हजार घरों को दुरुपयोग/मामूली आवश्यकता आधारित बदलावों के लिए तो नोटिस भेज दिया जाता है, जिसके लिए लोगों को पिछले 10 वर्षों से परेशान होना पड़ रहा है लेकिन चंडीगढ़ प्रशासन भाजपा नेताओं के खिलाफ खुलेआम सभी नियमों का उल्लंघन करने पर भी कार्रवाई नहीं कर रहा है। कांग्रेस महासचिव अच्छे लाल गौ़ड़ ने मुख्य चुनाव आयुक्त, संपदा अधिकारी यूटी और चंडीगढ़ के प्रशासक से इन भूखंडों का आवंटन तुरंत रद्द करने का आग्रह किया है, क्योंकि सामुदायिक सेवाओं के लिए दिए गए भूखंडों का उपयोग राजनीतिक गतिविधियों के लिए किया जा रहा है।

error: Content can\\\'t be selected!!