कांग्रेस हाईकमान ने चंडीगढ़ में अब सोशल मीडिया विभाग को किया मजबूत, चेयरमैन समेत राज्य समन्वयक भी नियुक्त किए

पार्टी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम को असरदार तरीके से लागू करेगी यह टीमः एचएस लक्की

new appointment in congress CHANDIGARH, 24 SEPTEMBER: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग में आज नई नियुक्तियां की हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल द्वारा हस्ताक्षरित पत्र के अनुसार कांग्रेस हाईकमान ने एनजेके तेजेश को चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग का चेयरमैन नियुक्त करने के चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही AICC ने इसी विभाग में छह राज्य समन्वयकों विशाल जाधव, हर्षित कुमार, हुनर ​​चौधरी, गुड्डू यादव और आदित्य विक्रम सिंह की नियुक्ति को भी मंजूरी दी है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने बताया कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस का सोशल मीडिया विभाग पार्टी के संचार विभाग के नियन्त्रण एवं देखरेख में काम करेगा तथा इसके अध्यक्ष को रिपोर्ट करेगा, जिसकी नियुक्ति जल्द ही एआईसीसी द्वारा अनुमोदित किए जाने की संभावना है। लक्की के अनुसार सोशल मीडिया विभाग के माध्यम से पार्टी के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के पार्टी के एक महत्वाकांक्षी कार्यक्रम को असरदार तरीके से जल्द लागू किया जाएगा।

लक्की ने बताया कि आंध्र प्रदेश के मूल निवासी एनजेके तेजेश चंडीगढ़ में तब बस गए थे, जब वह पंजाब विश्वविद्यालय से कानून की डिग्री हासिल करने के लिए यहां आए। उन्होंने 2021 के नगर निगम चुनाव के दौरान कांग्रेस उम्मीदवार सचिन गालव के सोशल मीडिया अभियान को अकेले ही अपने दम पर संचालित किया और बेहद कामयाब रहे। सोशल मीडिया टीम की नई नियुक्ति का चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दर्शन दयाल (डीडी) जिंदल, भूपिंदर सिंह बड़हेरी, हरफूल चंद कल्याण, मोहम्मद सादिक, डा. ओपी वर्मा, पार्षद गुरबख्श रावत और गुरप्रीत सिंह गाबी सहित कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेताओं ने स्वागत किया है।

error: Content can\\\'t be selected!!