चंडीगढ़ में कांग्रेस ने चुनावी तैयारियों को और तेज किया, इंदिरा कॉलोनी में बूथ कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ पदाधिकारियों की हुई बैठक

हम भाजपा को 2024 के लोकसभा चुनाव में निर्णायक हार देने जा रहे हैं: एचएस लक्की

हम भाजपा को 2024 के लोकसभा चुनाव में निर्णायक हार देने जा रहे हैं: एचएस लक्की

CHANDIGARH, 30 DECEMBER: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज इंदिरा कॉलोनी में बूथ कार्यकर्ताओं और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक बैठक आयोजित कर 2024 के लिए अपनी चुनावी तैयारियों को और तेज कर दिया। इस बैठक का आयोजन चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष हाफिज अनवारुलहक और शशांक भट्ट ब्लॉक अध्यक्ष द्वारा किया गया था।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल ने कहा कि जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को अब आगामी संसदीय चुनाव के लिए खुद को तैयार रखना चाहिए और मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को बेनकाब करना चाहिए, क्योंकि वह लोगों का जीवन आसान बनाने का काम करने में विफल रही है। बंसल ने कहा कि भाजपा विभिन्न राज्यों में चुनिंदा वायदे कर रही है। देश के सभी लोगों के साथ समान व्यवहार नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा ने राजस्थानवासियों से 450 रुपए प्रति गैस सिलेंडर देने का वायदा किया, जबकि चंडीगढ़ और अन्य जगहों पर लोगों को यही सिलेंडर लगभग 1000 में मिल रहा है। यह भेदभाव क्यों है ? बंसल ने कहा कि कांग्रेस चंडीगढ़ में गरीबों के लिए बने मकानों के सभी आवंटियों को मालिकाना हक सुनिश्चित करेगी और मकानों में आवश्यकता आधारित परिवर्तनों को नियमित करवाएगी।

इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं और वे ही पार्टियों को जिताते या हराते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की विफलताओं, विशेषकर भाजपा के नेतृत्व वाले चंडीगढ़ नगर निगम की विफलताओं को जनता के बीच उजागर करने के लिए कहा। लक्की ने कहा कि हम भाजपा को 2024 के लोकसभा चुनाव में निर्णायक हार देने जा रहे हैं। बेरोजगारी और महंगाई का असर आम लोगों पर पड़ रहा है मगर इस तरफ सरकार का कोई ध्यान नहीं है।

कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष हाफिज अनवारुलहक ने कहा कि कांग्रेस की इंदिरा कॉलोनी इकाई पूरी तरह से तैयार है और संसदीय चुनाव में पार्टी यहां से बढ़त हासिल करेगी। इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करने वालों में जन्नत जहां, सुरिंदर सिंह, आशीष गजनवी, नेत राम, साहिल, रफीकन, लाला किशन राम, नरेश के अलावा अन्य कांग्रेस नेता शामिल थे।

error: Content can\\\'t be selected!!