मनीमाजरा में सड़कों की दयनीय हालत पर कांग्रेस ने किया भाजपा व नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

अगर सड़कों को जल्द ठीक नहीं किया गया तो मनीमाजरा में नगर निगम दफ्तर का घेराव करेगी कांग्रेसः एचएस लक्की

CHANDIGARH, 3 OCTOBER: शहर के मनीमाजरा क्षेत्र में टूटी और बदहाल सड़कों को लेकर आज कांग्रेस ने जिला अध्यक्ष सुरजीत ढिल्लों एवं ब्लॉक अध्यक्ष संजीव गाबा की अगुवाई में भाजपा सरकार एवं भाजपा शासित चंडीगढ़ नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर नारेबाजी की। इस दौरान हाऊसिंग बोर्ड लाइट प्वाइंट से लेकर गोबिंदपुरा, ठाकुरद्वारा, मॉडर्न हाउसिंग कॉम्प्लैक्स तक रोष मार्च निकाला। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग शामिल हुए। इस रोष मार्च में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने विशेषतौर पर शिरकत की और नगर निगम को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही अगर सड़कों को ठीक नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी मनीमाजरा में नगर निगम के दफ्तर का घेराव करेगी।

इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरजीत ढिल्लों ने कहा कि भाजपा शासित नगर निगम के निकम्मेपन के कारण शहर का बुरा हाल है। शहर की सड़कें सालों से टूटी हुई हैं। कहने को तो स्मार्ट सिटी के नाम पर लाखों-करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। दूसरी ओर चंडीगढ़ के सेक्टर-13 मनीमाजरा की सड़कों की हालत बद से बदतर बनी हुई है। इसके कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संजीव गाबा ने कहा कि शहर की सड़कें लोगों को दर्द दे रही हैं। सड़कों में बने गड्ढों के कारण आए दिन लोग चोटिल और बरसात में जमा होने वाले पानी से मलेरिया व डेंगू की चपेट में आ रहे हैं। सड़कों पर गड्ढे लंबे समय से हैं। फिर भी जिम्मेदार भाजपा सरकार एवं नगर निगम के अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं।

इस रोष प्रदर्शन में पूर्व मेयर गुरचरण दास काला, पूर्व मेयर सुरिंदर सिंह, कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष रामेश्वर गिरि, संजय भजनी, ब्लॉक अध्यक्ष मतलूब खान मत्ता, शाम सिंह, मलकीत सिंह, बुआ सिंह, विशाल सिंगला, राजीव मोदगिल, यादविंदर मेहता, फतेह सिंह, कुलवंत जग्गा, एसएस परवाना, हीरा सिंह, रईस अहमद, फेहमीद अली, जतिंदर सैनी, अमरजीत सिंह, इफ्तकार जनता, आरिफ मोहम्मद, सोनिया जयसवाल, सुमनजीत कौर, रफीकन, शोभा शर्मा, अभिमन्यु आदि कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता प्रमुख रूप से शामिल थे।

error: Content can\\\'t be selected!!