चंडीगढ़ में कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ निकाला विशाल जनाक्रोश मार्च, बड़ी संख्या में शामिल हुए लोग

पवन बंसल ने सांसद किरण खेर व भाजपा शासित नगर निगम पर बोला जोरदार हमला, लक्की बोले- BJP ने शहर को दिए सिर्फ भारी-भरकम टैक्स

CHANDIGARH, 1 OCTOBER: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने शहर की वर्तमान भाजपा सांसद किरण खेर और भाजपा के नेतृत्व वाले चंडीगढ़ नगर निगम द्वारा चंडीगढ़ के लोगों के साथ पिछले कई सालों से विश्वासघात किए जाने का आरोप लगाते हुए आज शहर में विशाल जनाक्रोश मार्च निकाला। यह जनाक्रोश मार्च सेक्टर-27 से शुरू हुआ और सेक्टर-18 में पहुंचकर एक सभा के रूप में परिवर्तित हो गया। चंडीगढ़ के पूर्व सांसद एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल तथा चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की के नेतृत्व में निकाले गए इस जनाक्रोश मार्च का आयोजन चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के महासचिव राजीव मौदगिल और क्षेत्र के निवासियों द्वारा किया गया था।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजीव शर्मा ने बताया कि जनाक्रोश मार्च में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों के अलावा कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया। इस जनाक्रोश मार्च का रास्ते में बड़ी संख्या में व्यापारियों, दुकानदारों और अन्य लोगों ने फूल मालाओं से स्वागत कर अपना समर्थन व्यक्त किया।

चंडीगढ़ में भाजपा के खिलाफ जनाक्रोश मार्च के दौरान पवन कुमार बंसल, एचएस लक्की, राजीव मौदगिल व अन्य कांग्रेस नेता।

इस अवसर पर पूर्व सांसद पवन कुमार बंसल ने चंडीगढ़ की मौजूदा भाजपा सांसद किरण खेर पर शहर के लिए अत्यधिक जरूरी मेट्रो रेल का कई वर्षों तक विरोध कर उसे लाने में देरी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसके कारण अब केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में सड़क यातायात के सुचारू प्रबन्धन में भयावह समस्याएं पैदा हो गई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि शहर को तुरंत अपने यातायात और पार्किंग की समस्याओं का स्थायी समाधान खोजने की जरूरत है, अन्यथा इसके विश्व प्रसिद्ध उपनाम सिटी ब्यूटीफुल के मायने धरातल से ही गायब हो जाएंगे और सिर्फ कागजों में ही चंडीगढ़ सिटी ब्यूटीफुल रह जाएगा। बंसल ने कहा कि चंडीगढ़ नगर निगम भी शहर के स्वस्थ विकास के लिए जरूरी महत्वपूर्ण मुद्दों का हल तलाशने में पूर्ण रूप से विफल रहा है।

चंडीगढ़ भाजपा पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने और नगर निगम सदन में पार्षदों की खरीद-फरोख्त को बढ़ावा देकर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए पवन बंसल ने कहा कि भाजपा आम आदमी की जेब से धन निकाल कर अमीर कारपोरेट घरानों की तिजोरियां भरने में लगी हुई है, जिसके कारण लोगों के जीवन की गुणवत्ता में लगातार गिरावट आ रही है। उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी शहरवासियों की भाजपा जनित जटिल समस्याओं का समाधान ढूंढकर शहर के पुराने गौरव को वापस लाने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।

इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि भाजपा ने पिछले सालों में शहरवासियों पर केवल भारी भरकम टैक्स लगाने का काम किया है, जिससे पहले से ही देशव्यापी महंगाई की मार झेल रहे लोगों की मुश्किलें कई गुना बढ़ गई हैं। प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजीव मोदगिल ने अपने संबोधन में कांग्रेस पार्टी के शांतिपूर्ण जनाक्रोश मार्च में भाग लेने के लिए सामाजिक संगठनों और व्यापारी संगठनों का धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस आने वाले दिनों में चंडीगढ़ की जनता के साथ मिलकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों को उजागर करने के लिए ऐसे कई कार्यक्रम आयोजित करेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!