महंगाई व बेरोजगारी पर चंडीगढ़ में मोदी सरकार के खिलाफ आंदोलन को और तेज करेगी कांग्रेस

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लक्की के नेतृत्व में हुई पार्टी की बैठक में लिया गया निर्णय
4 सितंबर को दिल्ली में होने वाली हल्ला बोल रैली में चंडीगढ़ से जाएंगे 500 कार्यकर्ता

CHANDIGARH, 25 AUGUST: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की के नेतृत्व में कांग्रेस भवन, सेक्टर-35 में अपने प्रमुख कार्यकर्ताओं की एक बैठक की, जिसमें तेजी से बढ़ती महंगाई, रोजगार की गिरती दर और सरकार की अन्य जनविरोधी नीतियों का विरोध करने के लिए अपने लगातार चल रहे आंदोलन को तेज करने के बारे में चर्चा की गई।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि मोदी सरकार कुछ अमीर उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बहूमूल्य राष्ट्रीय संपत्ति को बेचती जा रही है। कांग्रेस मोदी सरकार की ऐसी देश को नुकसान पहुंचाने वाली नीतियों का हर पल विरोध करती रहेगी। बैठक में पार्टी के कोषाध्यक्ष विक्रम चोपड़ा द्वारा पेश प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया कि पूरे शहर में और अधिक विरोध सभाएं आयोजित की जाएंगी तथा पार्टी के आंदोलनों में जनता की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

इसके अलावा 4 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महंगाई के विरोध में होने वाली पार्टी की हल्ला बोल रैली में भाग लेने के लिए चंडीगढ़ से कम से कम 500 कार्यकर्ताओं को दिल्ली भेजने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।

विनोद शर्मा को भारत जोड़ो यात्रा का समन्वयक बनाया

इस बीच, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के महासचिव विनोद शर्मा को भारत जोड़ो यात्रा के चण्डीगढ़ क्षेत्र के समन्वयक के रूप में नामित किया है। वह यात्रा में चंडीगढ़ के कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। अनेकता में एकता के भारत के लोकाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह यात्रा अगले महीने की शुरुआत में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू होने वाली है। 3500 किलोमीटर की इस यात्रा में भाग लेने की अनुमति लेने के लिए पहले ही लगभग बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भारत जोड़ो कार्यक्रम की राष्ट्रीय समन्वय समिति में आवेदन कर चुके हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!