खड़गे को कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर चंडीगढ़ में कांग्रेसियों ने मनाया जश्न, मिठाई बांटी

इस चुनाव से पार्टी कार्यकर्ताओं में आया नया जोश, कांग्रेस हासिल करेगी पुरानी ताकत: एचएस लक्की

CHANDIGARH, 19 OCTOBER: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मल्लिकार्जुन खडगे के प्रचंड बहुमत से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने पर आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की की अगुआई में यहां सैक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में मिठाईयाँ बांटकर जश्न मनाया। चंडीगढ़ के पूर्व सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल और एचएस लक्की देश में पहले कांग्रेसी नेता थे, जिन्होंने 30 सितंबर को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के रूप में खड़गे के नाम का प्रस्ताव रखा था।

पवन कुमार बंसल ने दिल्ली से भेजे संदेश में कहा कि कांग्रेस पार्टी का संविधान पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र को सुनिश्चित करने पर जोर देता है। उन्होंने कहा कि 137 साल पुरानी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष पद के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव ने एक बार फिर से यह प्रदर्शित किया है कि पार्टी देश में हर स्तर पर लोकतंत्र के संस्थानों को मजबूत करने में अटूट विश्वास रखती है। बंसल ने कहा कि संगठनात्मक चुनाव की सफल परिणति ने उन विरोधियों को खामोश कर दिया है, जो अपने संकीर्ण राजनीतिक स्वार्थ के लिए हमेशा से देश की राजनीति में कांग्रेस के महत्व को कम आंकने की असफल कोशिशें करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के इन आन्तरिक चुनावों के निष्पक्षता से सफलता पूर्वक सम्पन्न कराने की दुनिया भर में प्रशंसा हो रही है।

इस अवसर पर एचएस लक्की ने कहा कि पार्टी के दो दिग्गजों के बीच चली पार्टी चुनाव की प्रक्रिया और खड़गे जैसे अनुभवी राजनेता के अध्यक्ष चुने जाने पर पूरे देश में पार्टी के कार्यकर्ता जोश से भर गये हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि पार्टी जल्दी ही अपनी पहले जैसी ताकत हासिल करेगी और 2024 में जनविरोधी, भ्रष्ट और अक्षम मोदी सरकार को बदलने में सक्षम होगी। लक्की ने कहा कि चण्डीगढ़ कांग्रेस के पदाधिकारी जल्द ही नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई देने के लिए दिल्ली जाएंगे। इस अवसर पर पूर्व मेयर कमलेश बनारसी दास, भूपिंदर सिंह बढ़ेरी, हरफूल कल्याण, हाफिज अनवर उल हक, धर्मवीर, राजीव मौदगिल, विनोद शर्मा, विक्रम चोपड़ा, अच्छे लाल गौर, ज़ाहिद परवेज़ खान, बी.एम. खन्ना, सुरजीत ढिल्लों, राजदीप सिद्धू, नसीब जाखड़, रवि ठाकुर, रमेश आहूजा और लेखपाल आदि वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद थे।

error: Content can\\\'t be selected!!