कांग्रेस का भाजपा पार्षद पर बड़ा हमलाः अनिल दुबे की घटिया राजनीति से सभी कॉलोनीवासी परिचित: तिवारी

CHANDIGARH: नगर निगम चुनाव नजदीक आते ही कालोनियों से जुड़े भाजपा-कांग्रेस के पूर्वांचली नेता आमने-सामने आने लगे हैं। चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के महासचिव शशिशंकर तिवारी व कांग्रेस के कॉलोनी सेल के अध्यक्ष मुकेश रॉय, ब्लॉक अध्यक्ष लेखपाल, जिला सचिव विशाल कटारिया ने एक बयान जारी करके कहा है कि वार्ड नं. 7 से भाजपा पार्षद अनिल दुबे की घटिया राजनीति से सारे कॉलोनीवासी भलीभांति परिचित हैं।

वह अपनी सत्ता का दुरूपयोग करते हुए पहले तो कॉलोनीवासियों की दुकानों पर नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी दस्ता भेज कर तोड़फोड़ करवाते हैं और जब कांग्रेस के स्थानीय नेता विरोध करते हैं तो कॉलोनीवासियों के बीच में जाकर दोहरी राजनीति शुरू कर देते हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विकास नगर मौलीजागरां में महामारी के दौर में गरीब मजदूर, दिहाड़ीदार कॉलोनीवासी अपने घर के आगे छोटे-मोटे काम-धंधे करके परिवार पाल रहे हैं।

गत रोज दुबे ने पहले तो नगर निगम अधिकारियों को कॉलोनी में भेजकर तोड़ फोड़ करवाई और जब कांग्रेस नेता इसके विरोध में उतरे तो अपनी घटिया राजनीति का परिचय देते हुए दुबे ने कांग्रेस के ऊपर दोष मढ़ दिया, जिसके बारे में जनता अब सब जान चुकी है।तिवारी व रॉय ने कहा कि पार्षद अनुल दुबे का हमेशा से यही काम है कि पहले नगर निगम से नोटिस दिलवाना व मकान-दुकान तुड़वाना। कांग्रेस उनकी दोहरी नीतियों का पर्दाफाश करती रहेगी। दुबे ने जिस पनो देवी नामक महिला पर नगर निगमायुक्त से शिकायत करने का आरोप लगाया है, वो भाजपा की सक्रिय सदस्य है व उसका सारा परिवार अनिल दुबे के साथ है।

तिवारी व रॉय ने कहा कि पहले तो दुबे ने इस महिला से शिकायत डलवा दी व बाद में वाहवाही लूटने के लिए कांग्रेस को बदनाम करने के लिए आरोप लगा दिए। उन्होंने पूछा कि केंद्र से लेकर के चण्डीगढ़ नगर निगम तक भाजपा की सत्ता है, तो फिर भी यदि अतिक्रमण विरोधी दस्ता कांग्रेस के कहने पर तोड़-फोड़ करने आ गया तो दुबे को अपने पद से इस्तीफ़ा दे देना चाहिए। तिवारी ने कहा कि वह तीन बार पार्षद का चुनाव जरूर हारे हैं, परन्तु संस्कारों से समझौता नहीं किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा कॉलोनी वासियों के हितों के लिए कार्यरत है व रहेगी। कल भी तोड़फोड़ कांग्रेस नेताओं के कहने पर रुकी, नहीं तो पूरी कॉलोनी में अतिक्रमण गिरा दिए जाते।    

error: Content can\\\'t be selected!!