महंगे पानी के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन फिर शुरूः मनीमाजरा में निगम दफ्तर के बाहर बेमियादी धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ता

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय भजनी के नेतृत्व में शुरू किया गया धरना

CHANDIGARH: भाजपा शासित चंडीगढ़ नगर निगम द्वारा पानी के रेट्स तीन गुना बढ़ाए जाने के खिलाफ मनीमाजरा में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने नगर निगम दफ्तर के बाहर आज से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। कोरोना महामारी के चलते संबंधित नियमों का पालन करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संजय भजनी के नेतृत्व में उनके साथ कांग्रेस के चार कार्यकर्ता सुरजीत ढिल्लों, रामेश्वर गिरि, संजीव गाबा, फ़तेह सिंह मास्क पहन कर, दो गज की दूरी व सैनेटाइजर साथ रखकर सुबह 9 बजे धरना स्थल पर बैठे। यह धरना दोपहर 2 बजे तक चला।

धरने पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोविड-19 गाइडलाइंस का जिस तरह पालन किया, उसे देखकर वहां से गुजरने वाले लोगों ने भी इस धरने को सराहा। लोगों ने कहा कि इस कोरोनाकाल में तीन गुना पानी के दाम बढ़ाना शहरवासियों के लिए नाइंसाफी है। इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे ने धरने पर बैठे पाचों कार्यकर्ताओं का फूल माला से स्वागत कर उनका हौसला बढ़ाया। उनकी सराहना की और कहा कि कोरोनाकाल में जहां हर कोई चाह रहा है कि घर से बाहर न निकला जाएं, वहीँ कांग्रेस के कार्यकर्ता जनता के हक की आवाज बनकर सड़क पर बैठे हैं।

रामेश्वर गिरि ने कहा कि बीजेपी शासित चंडीगढ़ नगर निगम ने लगभग दो महीने पहले कहा था कि पानी के दाम कम कर दिए हैं लेकिन अभी तक पानी के दाम कम नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह धरना आगे भी जारी रहेगा। संजीव गाबा ने जानकारी देते हुए बताया कि ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ता हर दिन ऐसे ही धरना स्थल पर बैठेंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!