निगम चुनाव: वार्ड-2 में पवन बंसल ने किया लक्की के चुनाव कार्यालय का उदघाटन, भाजपा पर बरसे

कहा- स्वच्छता रैंकिंग में चंडीगढ़ का पिछड़ना बहुत दुखद, BJP शासित नगर निगम अपने कर्तव्य में रहा नाकाम

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में वार्ड नंबर 2 से कांग्रेस प्रत्याशी एचएस लक्की के चुनाव अभियान में आज तब और तेजी आ गई जब पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल ने सेक्टर 8 में लक्की के चुनाव कार्यालय का उदघाटन किया।

इसके बाद सेक्टर 7 सीपीडब्ल्यूडी क्वार्टर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पवन बंसल ने कहा कि स्वच्छता में चंडीगढ़ की रैंकिंग पहले स्थान से गिरकर 66वें स्थान पर आ गई है, जो शहर के लिए वास्तव में बहुत दुखद है। उन्होंने कहा कि भाजपा नीत नगर निगम अपना कर्तव्य निभाने में बुरी तरह विफल रहा है। उन्होंने लोगों से एचएस लक्की को वोट देने और इस बार के नगर निगम चुनावों में वार्ड नंबर 2 से भाजपा को हराने का आह्वान किया। लक्की ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि महंगाई अपने चरम पर पहुंच गई है और आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भारी उछाल आया है। आम आदमी के लिए अपना गुजारा करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि लोगों को इस चुनाव में बीजेपी को हराकर सबक सिखाना चाहिए।

error: Content can\\\'t be selected!!