भाजपा से डा. ओपी वर्मा लौटे कांग्रेस में, छाबड़ा समर्थकों के इस्तीफे भी जारी, अब ब्लॉक कांग्रेस प्रधान बावा ने छोड़ी पार्टी

CHANDIGARH: दिसम्बर में होने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के मद्देनजर अब नेताओं का एक से दूसरी पार्टी में आना-जाना भी शुरू हो गया है। प्रमुख भाजपा नेता डाक्टर ओपी वर्मा और अनुसूचित जाति कर्मचारी नेता भगत राज आज अपने समर्थकों के साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की उपस्थिति में कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। हालांकि डाक्टर ओपी वर्मा पुराने कांग्रेसी हैं लेकिन वह नाराज होकर भाजपा में चले गए थे। इस लिहाज से डाक्टर ओपी वर्मा ने आज घर वापसी की है। इस बीच, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा के समर्थकों का कांग्रेस से इस्तीफे का सिलसिला भी जारी है। छाबड़ा खुद कल कांग्रेस छोड़ चुके हैं।

कांग्रेस में शामिल होने पर डाक्टर ओपी वर्मा और भगत राज का स्वागत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला व अन्य।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता एवं महासचिव एचएस लक्की ने बताया कि प्रमुख भाजपा नेता डाक्टर ओपी वर्मा और अनुसूचित जाति कर्मचारी नेता भगत राज ने अपने समर्थकों के साथ आज औपचारिक रूप से कांग्रेस पार्टी में शामिल होने का ऐलान किया और पार्टी को पूरा समर्थन देने का वादा किया। इस मौके पर उनका स्वागत करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने उन्हें आश्वासन दिया कि पार्टी उनकी सेवाओं का पूरा उपयोग करेगी और भविष्य में उन्हें महत्वपूर्ण कार्य सौंपेगी। लक्की ने कहा कि इन नेताओं के शामिल होने से चंडीगढ़ में कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी। डॉ. ओपी वर्मा ने घोषणा की कि वह बिना शर्त कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं और आगामी नगर निगम चुनाव में पार्टी टिकट नहीं मांगेंगे, बल्कि शहर में पार्टी के उम्मीदवारों के लिए काम करेंगे। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीडी जिंदल, हाफिज अनवारुल हक, पवन शर्मा, भूपिंदर सिंह बड़हेरी, विनोद शर्मा, गुरप्रीत गाबी, हरमेल केसरी, अच्छे लाल, लव कुमार, राजीव मौदगिल, राजीव शर्मा, यादविंदर सलवान, सुरेश कपिला, जगमोहन गर्ग, रतन अग्रवाल, विनोद सोनू आदि कांग्रेस नेता भी मौजूद रहे।

हरजिंदर सिंह बावा

इस बीच, लगातार कांग्रेस छोड़ रहे पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा के समर्थकों में एक नाम आज ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष हरजिंदर सिंह बावा का भी जुड़ गया। बावा ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देते हुए लगभग वही आरोप लगाए हैं, जो पूर्व में प्रदीप छाबड़ा व उनके समर्थकों ने कांग्रेस छोड़ते समय लगाए। इनमें मुख्य रूप से पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल पर चंडीगढ़ में कांग्रेस को अपनी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की तरह चलाने का आरोप शामिल है। आज कांग्रेस छो़ड़ने वाले हरजिंदर सिंह बावा ब्लॉक नंबर- 19 के अध्यक्ष थे, जिसमें रामदरबार फेज-1 और 2, इंडस्ट्रिय एरिया फेज- 2 का क्षेत्र आता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने अब यहां मनोज कुमार गर्ग को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। बताया जाता है कि प्रदीप छाबड़ा के कई अन्य समर्थक भी जल्द कांग्रेस को अलविदा कहने वाले हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!