उदयनिधि स्टालिन के बयान से भड़के चंडीगढ़ के भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका I.N.D.I.A. गठबंधन का पुतला

कांग्रेस कार्यालय की तरफ विरोध मार्च कर रहे भाजपाइयों को पुलिस ने रोका

अरुण सूद ने विपक्ष को सनातन धर्म विरोधी बयानबाजी से दूर रहने की नसीहत दी

CHANDIGARH, 5 SEPTEMBER: तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन द्वारा हिंदू धर्म को लेकर दिए गए अपमानजनक बयान और कांग्रेसी नेताओं मयंक खड़गे व के अलागिरी द्वारा स्टालिन का समर्थन किए जाने के खिलाफ आज यहां चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद के नेतृत्व में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने कड़ी नाराजगी जताते हुए विरोध मार्च का आयोजन किया। साथ ही I.N.D.I.A. का गठबंधन का पुतला फूंका।

विरोध मार्च सेक्टर-33 स्थित चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यालय से शुरू होकर सेक्टर-35 में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर समाप्त होना था लेकिन पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को सेक्टर-34 में आकाशवाणी केंद्र के पास ही रोक लिया। लिहाजा, भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध स्वरूप यहीं पर I.N.D.I.A. गठबंधन का पुतला जलाया और कांग्रेस पार्टी के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की।

इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कड़ी चेतावनी देते हुए I.N.D.I.A. गठबंधन को सनातन धर्म विरोधी बयानबाजी से दूर रहने की नसीहत दी और कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सनातन धर्म के विरुद्ध रही है। इससे पहले अनेक आक्रांताओं ने सनातन धर्म को समाप्त करने की कोशिश की लेकिन सब नाकाम रहे। ऐसे ही यह I.N.D.I.A. गठबंधन भी सनातन धर्म को समापत करने में सफल नहीं होगा।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री रामबीर ने भी कांग्रेस की आलोचना की और कहा कि भाजपा, कांग्रेस की लोगों को धर्म के नाम पर बांटकर वोट बटोरने की राजनीति सफल नहीं होने देगी। जल्द ही उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा की तरफ से पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई जाएगी।

error: Content can\\\'t be selected!!