चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बीबी बहल का निधन, अमेरिका में ली अंतिम सांस

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ब्रज भूषण बहल का आज निधन हो गया। वह पिछले लंबे समय से अमेरिका में अपनी बेटी के पास रह रहे थे। वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की सूचना पाकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस में शोक की लहर दौड़ गई। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा, पूर्व मेयर सुभाष चावला, पूर्व मेयर श्रीमती कमलेश बनारसी दास, पूर्व मेयर रविंदर पाल सिंह पाली, वरिष्ठ नेता डीडी जिंदल, रामपाल शर्मा, पवन शर्मा, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री शशिशंकर तिवारी, पूर्व डिप्टी मेयर एचएस लक्की, इंटक के पूर्व चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष कुलबीर सिंह, चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता एवं ट्रेडर्स सैल के चेयरमैन राकेश गर्ग समेत तमाम कांग्रेसजनों ने बहल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

सबसे लंबे समय तक प्रधान रहने का रिकार्ड बहल के नाम

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहे ब्रज भूषण बहल को बीबी बहल के नाम से जाना जाता था। वह 1999 के लोकसभा चुनाव में चंडीगढ़ सीट पर कांग्रेस की जीत के बाद वर्ष 2000 में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे। उन्हें पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल का बेहद नजदीकी माना जाता था। बहल जनवरी 2015 तक चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। उनके हटने के बाद ही चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की कमान मौजूदा अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा को सौंपी गई थी। इस पद पर सबसे लंबे समय तक रहने का रिकार्ड अभी तक बीबी बहल के नाम ही दर्ज है।

बहल के कार्यकाल में कोई चुनाव नहीं हारी थी कांग्रेस

बीबी बहल वर्ष 2015 में ही चंडीगढ़ छोड़कर अमेरिका में अपनी बेटी के पास चले गए थे। यहां सेक्टर-26 में उनका होटल प्रेसीडेंट के नाम से अपना होटल था। ज्यादा उम्र तथा स्वास्थ्य कारणों के चलते उन्होंने अपनी बाकी जिंदगी बेटी के पास ही गुजारने का फैसला किया था। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल में ही सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस कार्यालय का पुनर्निर्माण किया गया था। बहल ने पहले दो कमरों में चलने वाले कार्यालय को भव्य इमारत के रूप में खड़ा किया। साथ ही उनके नाम एक और रिकार्ड दर्ज है। उनके कार्यकाल के दौरान चंडीगढ़ में कांग्रेस नगर निगम से लेकर मार्केट कमेटी तक का कोई चुनाव नहीं हारी थी। बचपन से ही कांग्रेसी विचारधारा से प्रभावित रहे बीबी बहल की इच्छा शुरू से ही पार्टी प्रेसीडेंट बनने की थी। इसलिए उन्होंने अपने होटल का नाम तक प्रेसीडेंट ही रखा था। देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, कांग्रेस के दिवंगत नेता अहमद पटेल, मोतीलाल वोहरा, जनार्दन द्विवेदी जैसे दिग्गज कांग्रेस नेताओं से बहल के नजदीकी संबंध रहे।

error: Content can\\\'t be selected!!