इंदिरा कालोनी पहुंचीं पूर्व पार्षद जन्नत जहां: लोगों ने जोरदार स्वागत कर बताईं कालोनी की समस्याएं, बोले- आप ही दिला सकती हो दिक्कतों से मुक्ति

पिछले 15 वर्षों के दौरान शहर की बाहरी कालोनियों का विकास न के बराबर हुआ: जन्नत जहां

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम की लोकप्रिय पूर्व पार्षद जन्नत जहां आज एक बार फिर लोगों के बीच पहुंचीं तो लोगों ने उनका जोरदार स्वागत करते हुए उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया और भरोसा जताया कि उनकी समस्याओं का समाधान केवल उनके (जन्नत जहां) हाथों ही संभव है। इस मौके पर जन्नत जहां ने कहा कि पिछले 15 वर्षों के दौरान शहर की बाहरी कालोनियों का विकास न के बराबर हुआ है। यहां के लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए विशेष योजना की जरूरत है।

जन्नत जहां खास तौर पर इंदिरा कालोनीवासियों के बुलावे पर वहां पहुंची थीं। इंदिरा कालोनी निवासी रफीकन, भोली, कैलाशो, रामकिशन, नफे सिंह, नरेश ने बताया कि यहां सफाई व्यवस्था बुरी तरह से चरमराई हुई है। निवर्तमान पार्षद विनोद अग्रवाल का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है। सफाई के अभाव में यहां हर समय बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है।

स्थानीय नेता अमरनाथ, जलील अहमद कुरैशी व नेतराम ने बताया कि यहां पार्किंग एरिया में चारों तरफ गंदगी का आलम है। कालोनी की तरफ आने वाली सडक़ें बेहद खस्ताहालत में हैं। बार-बार शिकायत करने पर भी यहां कोई कार्रवाई नहीं होती है। क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनने के बाद पूर्व पार्षद जन्नत जहां ने कहा कि वह लोगों की समस्याओं का समाधान स्वयं सुनिश्चित करेंगी।

इस अवसर पर विशेष रूप से मौजूद रहे चंडीगढ़ कांग्रेस के उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह बडहेड़ी ने लोगों को एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि वह एकजुटता के साथ इस चुनाव में अपने आसपास के लोगों को बदलाव के लिए तैयार करें। यह व्यवस्था बदलने की लड़ाई है। इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीडी जिंदल समेत कई गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।

error: Content can\\\'t be selected!!